हल्द्वानी (नैनीताल),(उत्तराखण्ड तहलका): माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बनभूलपुरा (Banbhulpura) रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में 02 दिसंबर 2025 को सुनाए जाने वाले महत्वपूर्ण फैसले के आलोक में, नैनीताल जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने बनभूलपुरा (Banbhulpura) और उसके आसपास के क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक और सख्त तैयारियाँ सुनिश्चित कर ली हैं। जिला और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि बनभूलपुरा (Banbhulpura) रेलवे भूमि अतिक्रमण को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून विरोधी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

30 नवंबर 2025 को, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बनभूलपुरा (Banbhulpura) रेलवे भूमि अतिक्रमण को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आने वाले निर्णय और उसे शान्ति के साथ लागू कराने की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई।
इस संयुक्त गोष्ठी में रेलवे, नगर निगम, ऊर्जा निगम, वन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी महोदय ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आगामी स्थिति को ध्यान में रखते हुए वे न केवल आपसी समन्वय स्थापित रखें, बल्कि किसी भी चुनौती के लिए पूर्ण तैयारी और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बनाए रखें।
तैयारियों का नेतृत्व करते हुए, SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी संबंधित विभागों से विचार-विमर्श कर कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले, सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले, अथवा राज्य सरकार के विरुद्ध अवैध रूप से हथियार, भीड़ या संसाधन एकत्रित करने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह पर अत्यंत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अवैध आंदोलनकारी गतिविधियों पर त्वरित और कठोर प्रहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस की ओर से विस्तृत तैयारी की गई है, जिसके अंतर्गत पर्याप्त फोर्स, दंगा नियंत्रण उपकरण, हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त, सघन चेकिंग और सर्चिंग को बढ़ा दिया गया है। विशेष रूप से सोशल मीडिया की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उन पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
बनभूलपुरा (Banbhulpura) रेलवे Railway भूमि क्षेत्र की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का कड़ा सुरक्षा घेरा रहेगा, जिसके लिए क्विक एक्शन टीम (QAT) को तैनात किया गया है। यह स्पष्ट किया गया है कि जब्ती की प्रक्रिया में बाधा डालने, छीना-झपटी करने या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर RPF अपने विशेष अधिकारों के तहत तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़े: दिल्ली ब्लास्ट: तार जुड़े उत्तराखंड से; हल्द्वानी से मस्जिद के इमाम को दिल्ली पुलिस ने उठाया
SSP नैनीताल ने आमजन से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि सभी नागरिक बनभूलपुरा (Banbhulpura) रेलवे Railway भूमि को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें और प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग करें, अन्यथा कानून व्यवस्था में बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम हल्द्वानी, रेलवे विभाग और यूपीसीएल सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जो इस बात का संकेत है कि प्रशासन इस संवेदनशील स्थिति से निपटने के लिए एकजुट और पूर्णतः तैयार है।
---समाप्त---