रुद्रपुर। उत्तराखण्ड पुलिस ने एक खतरनाक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ और ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मोहम्मद आसिम नामक आरोपी को धर दबोचा गया है। पुलिस ने उसके पास से चार पिस्टल, एक छोटी बंदूक और लगभग 50 कारतूसों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार मोहम्मद आसिम के तार पंजाब में हुए कुख्यात नाभा जेल ब्रेक कांड से भी जुड़े होने की आशंका है।

उत्तराखण्ड में अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए एसटीएफ और ऊधम सिंह नगर पुलिस पिछले करीब एक माह से इस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। एसटीएफ प्रभारी महेंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में देर रात गावा चौक पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बाजपुर की ओर से एक युवक भारी मात्रा में हथियार लेकर रुद्रपुर स्थित वसुंधरा कॉलोनी फ्लाईओवर के पास किसी को सप्लाई देने आ रहा है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस निरीक्षक मनोज रतूरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वसुंधरा कॉलोनी की सर्विस लाइन में जाल बिछाया गया और बाजपुर दौड़ाया चौकी पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया। कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक सवार पुलिस की नजर में आया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान मोहम्मद आसिम पुत्र शकील अहमद, निवासी धनसरा, बाजपुर के रूप में हुई।
तलाशी में उसकी जेब से एक सेमी ऑटो बोर पिस्टल व दो जिंदा कारतूस तथा बैग से तीन पिस्टल, एक 12 बोर की छोटी बंदूक और 40 से 50 के लगभग जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी आसिम के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
---समाप्त---