रामपुर: जनपद की तहसील बिलासपुर के ग्राम डिबडिबा में उस वक्त मातम छा गया, जब एक ही घर से दो सगे भाइयों की आर्थियाँ उठाई गई। बीते दिन उत्तराखंड के चंपावत जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम की सुभाषनगर कॉलोनी के रहने वाले दो सगे भाई, प्रकाश सिंह उनियाल (40) और केवल सिंह उनियाल (35), की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह के साले की बारात गुरुवार को पिथौरागढ़ जिले के शेराघाट किलोटा से चंपावत के बालाताड़ी गांव गई थी। देर रात करीब ढाई बजे, बाराती एक बोलेरो से वापस लौट रहे थे। बोलेरो में प्रकाश सिंह, उनके इकलौते बेटे धीरज सिंह उनियाल और भाई केवल सिंह उनियाल समेत करीब 10 बाराती सवार थे।

वापसी के दौरान, चंपावत जिले के बागघाट मोड़ के पास बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। जिसमें बोलेरो में सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे। घायलों में मृतक प्रकाश उनियाल का बेटा धीरज उनियाल (12) भी शामिल था। जिसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर भेजा गया था। जहां वह अभी भी आईसीयू में भर्ती है, और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जाता है कि हादसे में रुद्रपुर की डाबर कंपनी में कार्यरत प्रकाश सिंह और गांव में एक शराब की दुकान पर काम करने वाले उनके भाई केवल सिंह उनियाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों में उत्तराखंड के पंतनगर निवासी प्रकाश के फुफेरे भाई सुरेश कुमार ने भी घायल अवस्था में दम तोड़ दिया।
शुक्रवार रात दो सगे भाइयों सहित तीनों शवों का पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया। जैसे ही शव गांव पहुंचे, परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे सुभाषनगर में सन्नाटा पसर गया। एक साथ दो सगे बेटों को खोने वाली माता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। यह हृदय विदारक दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम थीं। इस दुःखद घटना की सूचना मिलने पर शनिवार सुबह कई जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के पुत्र गुरकीरत सिंह औलख ने गांव पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। शनिवार सुबह बिलासपुर ब्लॉक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, किसान नेता तेजेन्द्र सिंह विर्क, उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना और राजकुमार ठुकराल, अशोक कुमार सहित कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मृतक परिवार से मिलकर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। यह हादसा परिवार के लिए एक बड़ी त्रासदी बन गया।
---समाप्त---