गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद रविकिशन शुक्ला को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में गोरखपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। धमकी देने के आरोपी अजय कुमार यादव को मंगलवार को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिनव त्यागी ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी युवक लुधियाना के फतेहगढ़ इलाके का रहने वाला है। एएसपी अभिनव त्यागी के अनुसार, आरोपी अजय कुमार यादव ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि उसने शराब के नशे में BJP सांसद रवि किशन को फोन किया था और उन्हें धमकी दी थी।   यह घटना पिछली 30 अक्टूबर को हुई थी।BJP सांसद रवि किशन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर वह बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए आए तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी के मोबाइल पर कॉल आई थी, जिसमें कॉलर ने BJP सांसद के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और कहा कि सांसद यादवों के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं, इसलिए वह उन्हें गोली मार देगा। ​पुलिस अधिकारी ने बताया कि सांसद की शिकायत पर तत्काल जांच शुरू की गई। मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए आरोपी अजय कुमार यादव का ठिकाना पंजाब के लुधियाना में ट्रेस किया गया, जिसके बाद गोरखपुर पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: Meghalaya: वेस्ट गारो हिल्स की महिला ने गैर-गारो व्यक्ति पर लगाया किडनैपिंग, रेप और जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप; FIR दर्ज
​बिहार कनेक्शन की जाँच ​जांच में एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है कि आरोपी अजय यादव ने फोन पर खुद को बिहार के अररिया का रहने वाला बताया था। पुलिस जांच में पाया गया है कि आरोपी अजय यादव का बिहार से कोई संबंध नहीं है। वह लुधियाना के फतेहगढ़ क्षेत्र का निवासी है। एएसपी अभिनव त्यागी ने बताया कि पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या अजय यादव ने BJP सांसद को यह धमकी केवल व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते दी थी, या वह किसी अन्य व्यक्ति या समूह के प्रभाव में था। पुलिस उसके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और डिजिटल फुटप्रिंट्स की विस्तृत जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस धमकी के पीछे कोई संगठित साजिश थी। फिलहाल, आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर गोरखपुर लाया जा रहा है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। BJP सांसद रविकिशन की सुरक्षा पहले ही बढ़ा दी गई है, और इस गिरफ्तारी से मामले में बड़ी राहत मिली है।

---समाप्त---