प्रयागराज में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं। हंडिया थाना क्षेत्र के मुग्रराव गांव के रहने वाले और समाजवादी पार्टी के जिला सचिव पवन यादव की मंगलवार शाम करीब पौने छह बजे सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। पवन यादव पूर्व ग्राम प्रधान भी रह चुके हैं और अपने परिवार में दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी नीतू, तीन बेटियां खुशी, मुस्कान, छोटी और एक बेटा प्रिंस है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

कैफे से निकलते ही बदमाशों ने बनाया निशाना

​जानकारी के मुताबिक, पवन यादव मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी कार से हंडिया कस्बे के कर्मनाशा मोहल्ले पहुंचे थे। कार सड़क किनारे खड़ी कर वे पास के एक कैफे में अपने दोस्तों से मिलने चले गए। करीब दो घंटे बाद शाम को जैसे ही वे कैफे से बाहर निकलकर अपनी कार में बैठने लगे, तभी प्रयागराज की तरफ से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। इनमें से दो बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था। बदमाशों ने धीमी रफ्तार में बाइक पास लाकर पवन यादव को बेहद करीब से गोली मार दी, जो सीधे उनकी पीठ में जा लगी।

डॉक्टरों ने किया मृत घोषित


Advertisement

​गोली लगते ही पवन यादव लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल पवन को पहले हंडिया के एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें शहर के टैगोर स्थित प्राइवेट अस्पताल और फिर वहां से स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात हंडिया थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

​घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय और इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है। हालांकि, हत्या की असल वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। 

सपा ने बोला हमला

सपा प्रवक्ता दान बहादुर सिंह मधुर ने घटना पर तीखा आक्रोश जताते हुए कहा कि थाने के पास हुई यह हत्या खौफनाक है और प्रदेश में 'जीरो टॉलरेंस' के दावों की पोल खोलती है। सपा ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने और 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद की मांग की है।

---समाप्त---