रामपुर। भारत में फिनलैंड के राजदूत मिको किविकोस्की ने अपने रामपुर दौरे के दूसरे दिन जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। मिलक ब्लॉक के बराखास और चमरौआ ब्लॉक के मोमिनपुर अहमदाबाद गांव में आयोजित संवाद कार्यक्रमों में उन्होंने भारतीय ग्रामीण जीवन, संस्कृति और अतिथि सत्कार की सराहना की। राजदूत ने कहा कि भारत की वास्तविक आत्मा उसके गांवों में बसती है। यहां की संस्कृति, सभ्यता और संस्कार देश की समृद्ध विरासत को दर्शाते हैं।

राजदूत मिको किविकोस्की मिलक ब्लॉक के बराखास गांव में आदिल हुसैन के आवास पर आयोजित ग्रामीण जनता से संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने चमरौआ ब्लॉक के मोमिनपुर अहमदाबाद गांव में मेहरबान अली के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। दोनों स्थानों पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। स्थानीय लोगों से मुलाकात के दौरान राजदूत भारतीय ग्रामीण संस्कृति और लोगों के व्यवहार से काफी प्रभावित नजर आए।

राजदूत ने कहा कि भारत के लोग बहुत अच्छे हैं। यहां के गांव भारतीय संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों के जीवंत प्रतीक हैं। हरे-भरे खेत, लहलहाती फसलें और मिट्टी की सौंधी खुशबू भारत की समृद्ध विरासत की कहानी बयां करती है। गांवों का शांत वातावरण मन को सुकून देता है। यहां रहने वाले लोग अपनी परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से गहराई से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण लोग भारत की रीढ़ हैं। गांवों में आपसी भाईचारा और सामूहिक भावना देखने को मिलती है। लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। अतिथि सत्कार की जो परंपरा भारतीय गांवों में दिखाई देती है, वह बेहद खास है। प्राकृतिक संसाधनों का सम्मान करना और पर्यावरण के साथ तालमेल बनाकर जीवन जीना ग्रामीण समाज से सीखा जा सकता है। गांवों की सादा जीवन और उच्च विचार वाली जीवनशैली आधुनिक समाज के लिए प्रेरणादायक है।


Advertisement

कार्यक्रम के दौरान मिलक की ब्लॉक प्रमुख अर्चना गंगवार और क्षेत्र पंचायत सदस्य शुभांक प्रकाश ने राजदूत को शॉल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां, पूर्व सांसद बेगम नूरबानो, बेगम यासीन अली खां उर्फ शाहबानो साहिबा, गन्ना विकास परिषद के पूर्व चेयरमैन बाबर अली खां, पूर्व मंत्री के पीआरओ काशिफ खां, शमशाद हुसैन, माजिद खां उर्फ राजा खां, नादिर खां और शादाब हुसैन सहित कई लोग मौजूद रहे।

ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों से पहले राजदूत ने रामपुर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद और खासबाग पैलेस का भी दौरा किया।

---समाप्त---