बिलासपुर/रामपुर:
नवाबगंज स्थित मीरी पीरी खालसा एकेडमी, रतनपुरा में आयोजित ‘शहीद ऊधम सिंह यादगार किसान मेले’ में रामपुर सदर विधायक आकाश सक्सेना (हनी) मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान विधायक आकाश सक्सेना और रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा का क्षेत्र में पहुंचने पर जोरदार अभिनंदन किया गया।
मेले के उपरांत कुमार सीड्स फार्म, रतनपुरा के प्रबंधक जतिन अरोरा के प्रतिष्ठान पर एक विशेष स्वागत समारोह आयोजित हुआ। प्रतिष्ठान पर विधायक आकाश सक्सेना (हनी), बाबा अनूप सिंह जी तथा रुद्रपुर नगर निगम के मेयर विकास शर्मा के आगमन पर प्रबंधक जतिन अरोरा व उनकी टीम ने सभी अतिथियों का फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र के कृषि विकास और उन्नत बीजों की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई।
विधायक आकाश सक्सेना ने मेले में विभिन्न कृषि संस्थानों और विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीज किस्मों और नवाचार पद्धतियों की जानकारी ली तथा उपस्थित किसानों से सीधा संवाद किया। विधायक ने कहा कि किसानों की खुशहाली और आर्थिक मजबूती ही क्षेत्र के विकास का असली पैमाना है। अन्नदाताओं को नई वैज्ञानिक पद्धतियों और उन्नत बीजों को अपनाकर अपनी पैदावार बढ़ानी चाहिए, ताकि उनकी आमदनी में उल्लेखनीय इजाफा हो सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे किसानों और कृषि आधारित उद्यमियों की हर समस्या के समाधान के लिए सदैव तत्पर हैं।
इस अवसर पर जतिन अरोरा ने विधायक आकाश सक्सेना व अन्य अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में बाबा अनूप सिंह जी सहित आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान व स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---समाप्त---