रामपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के शिवापुरम स्थित एक खंडहर में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सिविल लाइन पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में अवैध हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संयुक्त टीम ने शिवापुरम स्थित खंडहर में दबिश दी। इस दौरान वीर सिंह पुत्र रामलाल निवासी खिमौतिया खेड़ा और बनवारी लाल पुत्र लाखन सिंह निवासी खिमौतिया बख्ती को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी थाना अजीमनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शाहिद पुत्र अब्दुल वाहिद निवासी पिपलिया जट, थाना मिलक खानम भी शामिल है, जो मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मौके से 12 बोर की एक सिंगल बैरल बंदूक, 315 बोर की दो देशी रायफल, एक अधबनी बंदूक, आठ तमंचे, 12 जिंदा कारतूस और छह खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा चार नाल, लोहे की दस बट, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, हथौड़े, लोहे के पाइप, गैस सिलेंडर, बर्नर और शस्त्र निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे खंडहर में अवैध हथियार तैयार करते थे। इन हथियारों की बिक्री कथित तौर पर फरार आरोपी शाहिद के माध्यम से की जाती थी। इससे होने वाली कमाई को आरोपी आपस में बांटते थे।
इस मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 460/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 5/25 में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार शाहिद की तलाश जारी है।
---समाप्त---