रामपुर। गुरुवार को श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर), अमृतसर के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी रघुवीर सिंह जी ने राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के बिलासपुर स्थित आवास पर पहुंचे। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने अपने परिवारजनों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर, ज्ञानी रघुवीर सिंह जी ने जाति-धर्म से ऊपर उठकर समाज में सद्भाव, सेवा और मानव कल्याण की भावना को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। उन्होंने संदेश दिया कि ईश्वर ने हमें जो भी ज़िम्मेदारी सौंपी है, हमें उसका ईमानदारी के साथ निर्वाह करना चाहिए।

ज्ञानी रघुवीर सिंह जी ने क्षेत्र के विकास और सिख समाज को साथ लेकर चलने के राज्यमंत्री औलख के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख को विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कहा कि लखनऊ में महान शहीद गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी समागम का भव्य आयोजन करके उन्होंने सिख गुरुओं की शहादतों को याद करने का सराहनीय कार्य किया है। इस दौरान राज्यमंत्री के अलावा उनकी पत्नी, पुत्र वधु व पुत्र गुरकीरत सिंह औलख, कुलवंत सिंह औलख, मेहर देवल समेत तमाम संगत मौजूद रही।
कुछ देर राज्यमंत्री के आवास पर रुकने के बाद, ज्ञानी रघुवीर सिंह जी अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
---समाप्त---