लोनी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को जान से मारने की धमकी देने का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। जेल में बंद मुख्य आरोपी हाजी सलमान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब प्रशासन ने उसके रिश्तेदारों और करीबियों पर कार्रवाई का शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस, राजस्व विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने हाजी सलमान के जीजा और रिश्तेदार कल्लू बेग द्वारा कब्रिस्तान की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे पर गर्जते हुए बुलडोजर से पूरी बाउंड्री वॉल ध्वस्त कर दी।
मामले में मिली शिकायतों के बाद नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीम ने कब्रिस्तान की जमीन का सर्वे कराया था। जांच में इस बात की साफ पुष्टि हुई कि हाजी सलमान ने अपने जीजा कल्लू बेग के साथ मिलकर कब्रिस्तान की कीमती सरकारी जमीन पर गैरकानूनी तरीके से बाउंड्री वॉल खड़ी कर ली थी और उस पर कब्जा जमाने की फिराक में थे। जांच रिपोर्ट आने के तुरंत बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे हटाने के आदेश जारी कर दिए और शनिवार को भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण ढहा दिया।
गौरतलब है कि भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस हाजी सलमान को पहले ही धर दबोच चुकी है और वह फिलहाल जेल की सलाखों के पीछे है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप का माहौल रहा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान थमेगा नहीं, बल्कि आने वाले दिनों में भू-माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इसी तरह का कड़ा एक्शन जारी रहेगा।
---समाप्त---