इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सलामती को लेकर चल रहीं तमाम अटकलों पर मंगलवार को विराम लग गया, जब उनकी बहन डॉ. उज़मा खान को रावलपिंडी की अदियाला जेल में उनसे मिलने की इजाज़त मिली। एक महीने से अधिक समय तक परिवार को मुलाकात से रोके जाने के बाद, इमरान खान की बहन जब जेल से बाहर निकलीं, तो उन्होंने एक खतरनाक खुलासा किया।

PTI प्रमुख की बहन डॉ. उज़मा खान ने पुष्टि की कि इमरान खान पूरी तरह स्वास्थ्य हैं, लेकिन उन्हें जेल में मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री को कालकोठरी में एकांत कारावास (Solitary Confinement) में रखा गया है और उन्हें किसी से भी बात करने या संपर्क करने की अनुमति नहीं है। उज़मा ने आरोप लगाया कि इमरान खान को जानबूझकर मानसिक यातना दी जा रही है।
इमरान खान की सलामती पर संदेह तब गहराया जब उन्हें लंबे समय तक परिवार या वकीलों से नहीं मिलने दिया गया, जिसके बाद उनकी हत्या की अफवाहें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गईं। इन अफवाहों के कारण पूरे पाकिस्तान में, खासकर अदियाला जेल के बाहर, PTI समर्थकों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ और कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ही प्रशासन ने उज़मा खान को मुलाकात की अनुमति दी। इस खुलासे ने पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर भूचाल ला दिया है, और PTI समर्थक अब इमरान खान को जेल की यातनाओं से मुक्त करने की मांग को लेकर अपना प्रदर्शन तेज कर सकते हैं।
---समाप्त---