कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कोडीन युक्त कफ सीरप प्रकरण को लेकर सूबे की सरकार और स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को अपने आवास पर पत्रकारों से रूबरू हुए राय ने हाथ में सीटी और बुलडोजर का खिलौना लेकर अनोखे अंदाज में सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की परतें उघाड़ने वाले पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर को अपराधी की तरह पेश किया जा रहा है और वाराणसी पुलिस ने अदालत में सीटी बजाकर उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की, जो लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक है।

​कांग्रेस नेता ने सरकार की कार्रवाई पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि बाबा का बुलडोजर इन दिनों 'विंटर वैकेशन' पर है, तभी तो कफ सीरप कांड के सफेदपोश गुनहगारों पर इसकी धमक सुनाई नहीं दे रही। उन्होंने पुलिस महकमे के आला अफसरों को भी निशाने पर लिया और कहा कि सत्ता के दबाव में काम कर रहे अधिकारी अपनी नैतिकता भूल चुके हैं। राय ने सीधे तौर पर सवाल उठाया कि यदि गोवा अग्निकांड का आरोपी विदेश से लाया जा सकता है, तो सीरप कांड का मुख्य आरोपित शिवम पुलिस की पहुंच से दूर क्यों है?

​प्रेस वार्ता के दौरान अजय राय ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के उन बयानों को 'सियासी तमाशा' करार दिया, जिसमें सपा नेताओं की संलिप्तता की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि जेल में बंद अमिताभ ठाकुर के साथ हो रहा दुर्व्यवहार यह साबित करता है कि सरकार सत्य को दबाना चाहती है। राय ने मामले की निष्पक्षता के लिए हाईकोर्ट के न्यायाधीश से जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कांग्रेस के 'बब्बर शेर' इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेंगे और ईमानदारी की लड़ाई को अंतिम अंजाम तक पहुंचाएंगे।


Advertisement
---समाप्त---