21 दिसंबर 2025 रामपुर की धरती से आज लोकतंत्र की रक्षा और नागरिक अधिकारों के लिए एक निर्णायक संघर्ष का आगाज़ हुआ। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश प्रवक्ता फैसल खां लाला की अगुवाई में ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा का भव्य शुभारंभ किया। 26 दिसंबर तक चलने वाली यह यात्रा रामपुर, मुरादाबाद और अमरोहा के गांवों और गलियों तक जाकर जनता को जागरूक करेगी।

वंदे मातरम् के शोर में असल मुद्दे छिपाने का आरोप जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने भाजपा सरकार की राजनीति पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल रही है। आज जब देश प्रदूषण से होती लाखों मौतों, बेरोजगारी, खाद की किल्लत और गिरते रुपये जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है, तब सरकार केवल 'वंदे मातरम्' और भावनात्मक मुद्दों का शोर मचाकर अपनी नाकामियों को छिपाना चाहती है।" उन्होंने तंज कसा कि संसद में असली समस्याओं पर चर्चा करने के बजाय सरकार नफरत की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है।

साढ़े तीन करोड़ वोट काटने की साजिश संजय सिंह ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में एसआईआर (SIR) के नाम पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री मिलकर साढ़े तीन करोड़ वोट काटने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों, दलितों और पिछड़ों का वोट काटकर भाजपा लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। सिंह के मुताबिक, "जिस दिन वोट की ताकत खत्म हो गई, उस दिन सत्ता जनता पर लाठी के दम पर राज करेगी। बाबा साहब ने राष्ट्रपति और मजदूर के वोट की कीमत एक समान रखी थी, लेकिन आज सत्ता के अहंकार में उस अधिकार पर डाका डाला जा रहा है।"

बीएलओ की मौत और सत्ता की क्रूरता सांसद ने मुरादाबाद के बीएलओ सर्वेश सिंह की आत्महत्या का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के 'वोट चोरी' के लक्ष्य ने सरकारी कर्मचारियों को मौत के मुहाने पर खड़ा कर दिया है। उन्होंने 80 वर्षीय बुजुर्ग नूरजहां पर हुई एफआईआर को सत्ता की संवेदनहीनता का उदाहरण बताया।


Advertisement

​पदयात्रा के पहले दिन सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गांधी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर संकल्प लिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, महासचिव दिनेश पटेल और रोहिलखंड अध्यक्ष मो. हैदर सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष सड़क से संसद तक जारी रहेगा।

---समाप्त---