आम आदमी पार्टी की ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा के दूसरे दिन सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया उत्साह देखने को मिला। राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में शुरू हुई यह छह दिवसीय पदयात्रा रामपुर से चलकर जैसे ही मुरादाबाद की सीमा में दाखिल हुई, वहां की जनता ने इसका ऐतिहासिक स्वागत किया। प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला की अगुवाई में यह यात्रा सोमवार सुबह रामपुर के जे.आर. पैलेस से रवाना हुई थी। रास्ते में जगह-जगह युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने फूलों की बारिश कर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के इस संकल्प को अपना समर्थन दिया। मुरादाबाद के दलपतपुर पहुंचने तक यह पदयात्रा एक जन-आंदोलन का रूप लेती नजर आई।

एसआईआर और मतदाता सूची में धांधली का आरोप
पदयात्रा के दौरान जनता को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में एसआईआर के नाम पर वोटों की सबसे बड़ी चोरी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सत्ता पक्ष सुनियोजित तरीके से मतदाता सूची से गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के नाम काट रहा है ताकि उन्हें उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित किया जा सके। संजय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि वोट देने की शक्ति को कमजोर किया गया, तो भविष्य में आम जनता की आवाज दबा दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी इस साजिश को गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले जाकर बेनकाब करेगी।

बुनियादी मुद्दों और काम की राजनीति पर जोर
सांसद संजय सिंह ने राजनीति के मौजूदा स्वरूप पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं जैसे गंभीर विषयों से ध्यान भटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नफरत और डर की राजनीति के बजाय देश को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की जरूरत है। आम आदमी पार्टी का लक्ष्य सत्ता के माध्यम से स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति सुधारना है। पदयात्रा का दूसरा दिन मुरादाबाद के दलपतपुर स्थित इंशा गार्डन में रात्रि विश्राम के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह और दिनेश पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे, जिन्होंने जनता से सीधे संवाद कर संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।


Advertisement
---समाप्त---