हल्द्वानी/पिथौरागढ़ (उत्तराखण्ड तहलका): उत्तराखंड पुलिस की विशेष शाखा, सीबीसीआईडी (CBCID), ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे वांछित गैंगस्टर Jagdish Punetha को दुबई से गिरफ्तार कर भारत वापस ले आई है। पुनेठा पर विभिन्न फर्जी निवेश योजनाओं के माध्यम से लोगों से ₹15 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी करने और संगठित गिरोह बनाकर अवैध आर्थिक लाभ कमाने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने Jagdish Punetha गिरफ्तारी के लिए ₹50,000 का इनाम भी घोषित किया हुआ था।

मामले का विवरण और आर्थिक अनियमितताएं
Jagdish Punetha और उसके साथियों के खिलाफ पिथौरागढ़ कोतवाली और जाजरदेवल थाने में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और यूपीआईडी एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। आरोपी और उसके गिरोह ने निर्मल बंग कमोडिटी, रॉयल पैंथर प्रा. लि., मैट्रिमोनियल शैडो ज्वेलरी प्रा. लि. जैसी कंपनियों के नाम पर शेयर बाजार में निवेश के झांसे में आकर अनेक लोगों को चूना लगाया।
सीबीसीआईडी निरीक्षक प्रताप सिंह नेगी द्वारा की गई विवेचना में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लगभग ₹15,17,30,000 की धोखाधड़ी की और कुल ₹2,22,40,463 की अवैध वसूली की। इस गिरोह के खिलाफ संगठित अपराध के तहत गैंगस्टर एक्ट में भी मामला (एफआईआर संख्या 11/20, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट) पंजीकृत है। इससे पूर्व, गिरोह के दो अन्य आरोपी, ललित पुनेठा और पंकज शर्मा, को गिरफ्तार कर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रेषित किया जा चुका है।
अंतर्राष्ट्रीय अभियान और रेड कॉर्नर नोटिस
पिथौरागढ़ पुलिस की तकनीकी निगरानी और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी Jagdish Punetha के दुबई में छिपे होने की पुष्टि हुई। इसके बाद, सीबीसीआईडी, उत्तराखंड ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल से समन्वय स्थापित किया और आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी करवाया।
इसी आरसीएन के आधार पर, एनसीबी अबू धाबी (इंटरपोल) की मदद से आरोपी को दुबई में गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
यह भी पढ़ें: जानें कहां हुआ Drug Trafficking की बड़ी साज़िश का पर्दाफाश, पकड़ी गई 36 लाख की हेरोइन
उत्तराखंड पुलिस टीम का सफल मिशन
Jagdish Punetha की हिरासत के बाद, उत्तराखंड पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें:
मनोज कुमार ठाकुर, पुलिस अधीक्षक, सीबीसीआईडी देहरादून (टीम लीडर), ललित मोहन जोशी, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली पिथौरागढ़, सतीश कुमार शर्मा, निरीक्षक, एएनटीएफ पिथौरागढ़ शामिल थे। यह टीम दिनांक 10.11.2025 को दुबई पहुंची और सुरक्षा मिशन के तहत अभियुक्त Jagdish Punetha को 13.11.2025 को सफलतापूर्वक भारत को सौंप दिया गया।पिथौरागढ़ पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त Jagdish Punetha , पुत्र चंद्र प्रकाश पुनेठा, निवासी सिलपाटा, पिथौरागढ़ को माननीय न्यायालय पिथौरागढ़ में पेश किया गया। उत्तराखंड पुलिस की यह अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कार्रवाई राज्य में संगठित अपराध और आर्थिक धोखाधड़ी करने वालों के लिए एक कड़ा संदेश है।
---समाप्त---