रामपुर/बिलासपुर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर, बिलासपुर में शुक्रवार को कई भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान हाईवे स्थित केमरी तिराहे पर नव-सौंदर्यीकृत 'पटेल चौक' का अनावरण किया गया और 'रन फॉर यूनिटी' दौड़ का आयोजन हुआ, जिसमें राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं, गणमान्य नागरिकों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
पटेल चौक का अनावरण और माल्यार्पण
नगर पालिका द्वारा कराए गए पटेल चौक के सौंदर्याकरण का अनावरण दोपहर को राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने किया। उन्होंने चौक पर स्थापित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
'रन फॉर यूनिटी' में उमड़ा जनसैलाब
अनावरण के बाद, राज्यमंत्री औलख ने पालिकाध्यक्ष चित्रक मित्तल, ब्लॉक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार सहित अन्य भाजपा नेताओं के साथ 'रन फॉर यूनिटी' दौड़ में भाग लिया। इस दौड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेजों के छात्रों ने जोश के साथ हिस्सा लिया। स्कूली बैंड की मधुर धुनें, तिरंगा लिए हुए बच्चे और देशभक्ति के नारे लगाते युवाओं ने इस आयोजन को बेहद आकर्षक बना दिया।
'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का सपना साकार किया: राज्यमंत्री
दौड़ से पूर्व पटेल चौक के सामने एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की मिट्टी को जोड़कर 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का सपना साकार किया था। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नेत्री निवेदिता मित्तल ने सरदार पटेल के एकता के मार्ग पर चलने से ही भारत के महान बनने की बात कही।
सभा में जिला प्रभारी राजा वर्मा, सूर्य प्रकाश पाल, मोहनलाल सैनी, भारत भूषण गुप्ता, सुनीता सैनी और अशोक विश्नोई सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और उपस्थित सभी नागरिकों को नशा मुक्ति अभियान की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक भारत ने किया।
इस मौके पर पालिका ईओ डॉ. नितिन कुमार गंगवार, भाजपा नगराध्यक्ष अंगनलाल राजपूत, रवि यादव, राजेश सैनी, अनिल मदान, संदेश जैन, डॉ. केबी सिंह, बाबूराम गंगवार, पारुल अग्रवाल और कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

---समाप्त---