रामपुर/बिलासपुर। लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की ज़िम्मेदारी संभालने वाली पुलिस पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जनपद के बिलासपुर कस्बा चौकी प्रभारी, योगेश कुमार, पर एक महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। यह मामला तब सामने आया जब कथित तौर पर चौकी इंचार्ज द्वारा महिला को गालियां देते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, उत्तराखण्ड तहलका इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है।
यह है पूरा मामला
मोहल्ला विशारदनगर निवासी जुबैदा खातून ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए अपने शिकायती पत्र में बताया कि 6 दिसंबर को चौकी इंचार्ज योगेश कुमार चोरी के एक मामले में उनके बेटे नदीम के वारंट का हवाला देते हुए पूछताछ के लिए उनके घर आए थे। महिला ने उन्हें बताया कि उनका बेटा काम के सिलसिले में बाहर गया है और उसके 8 दिसंबर तक लौट आने का आश्वासन दिया। पीड़िता का कहना था कि 8 दिसंबर की सुबह लगभग 7 बजे, चौकी प्रभारी योगेश कुमार दो सिपाहियों के साथ फिर से उनके घर आ धमके। आरोप है कि इस दौरान घर पर उनके बेटे नदीम के न मिलने पर चौकी प्रभारी द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई।
न्याय की गुहार
इस घटना के बाद, पीड़िता जुबैदा खातून ने पुलिस अधीक्षक के अलावा डीआईजी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
वहीं, कस्बा चौकी इंचार्ज योगेश कुमार ने महिला के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वह कोर्ट के आदेश पर वारंट तामील कराने गए थे और उन्होंने महिला से कोई गाली-गलौज या मारपीट नहीं की थी। इंचार्ज ने दावा किया कि वायरल वीडियो में उनका न कोई चित्र है और न ही आवाज, और महिला उन्हें झूठा फंसाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारी का बयान
महिला के साथ गाली-गलौज का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और आरोपों के मामले में, सीओ (क्षेत्राधिकारी) रविंद्र प्रताप सिंह ने कहा है कि, "मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं आया है। अगर कोई वीडियो या प्रार्थनापत्र प्राप्त होता है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।"
----------
नोट: खबरों या विज्ञापनों से सम्बन्धित समस्त वादों का निस्तारण उधमसिंह नगर न्यायालय के अधीन होगा!
---समाप्त---