Mokama Murder Case:  बिहार चुनाव में मोकामा इस वक्त सबसे बड़ा सियासी हॉटस्पॉट बना हुआ है। बाहुबली नेता दुलारचंद यादव हत्याकांड से पूरे देश में राजनीतिक भूचाल आ गया है। इस मामले में बाहुबली JDU प्रत्याशी अनंत सिंह की गिरफ्तारी तो हो चुकी है, लेकिन अब शिकंजा जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी पर भी कस गया है।

​DGP ने किया पीयूष प्रियदर्शी की गिरफ्तारी का ऐलान

​बिहार के DGP विनय कुमार ने रविवार को पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बड़ा खुलासा किया। उन्होंने साफ ऐलान किया कि अनंत सिंह के बाद अब पीयूष प्रियदर्शी को भी गिरफ्तार किया जाएगा। डीजीपी ने कहा, “मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या मामले में सबूतों के आधार पर कार्रवाई हो रही है। वहां मौजूद हर एक शख्स की चुन-चुन कर गिरफ्तारी होगी।” इसी आधार पर अनंत सिंह की गिरफ्तारी हुई है और अब जन सुराज के उम्मीदवार पीयूष को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस मामले में अब तक 80 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: Big News Bihar-दुलारचंद हत्याकांड: जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह समेत तीन गिरफ्तार – घटना के वक्त मौके पर थे मौजूद

​पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

​DGP विनय कुमार ने हत्याकांड पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। इसमें दुलारचंद के शरीर के ऊपर से भारी चीज गुजरने से मौत की पुष्टि हुई है। डीजीपी ने आशंका जताई कि संभव है कि उनके ऊपर गाड़ी चढ़ाई गई। उन्होंने कहा कि यह प्रथम दृष्टया हत्या का मामला दिख रहा है, हालांकि यह एक्सीडेंटल था या जानबूझकर किया गया, यह अभी जांच का विषय है।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला बीते गुरुवार का है, जब मोकामा से जन सुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी। बताया जा रहा है कि पीयूष के समर्थकों की भिड़ंत वहां से गुजर रहे जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह के समर्थकों से हो गई थी।​दुलारचंद के परिजनों ने अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर पहले गोली मारने और फिर गाड़ी चढ़ाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। ​इस मामले में अलग-अलग पक्षों की ओर से 4 FIR दर्ज कराई गई हैं। ​पुलिस ने शनिवार देर रात अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। ​मृतक दुलारचंद यादव खुद भी बाहुबली नेता थे, जो इस चुनाव में जन सुराज के लिए प्रचार कर रहे थे। ​डीजीपी ने कहा कि मोकामा की घटना में दंगा जैसा माहौल था और ऐसे माहौल में घटना स्थल पर मौजूद हर व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी होती है।

---समाप्त---