बक्सर। सांसद मनोज तिवारी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के समर्थकों पर उपद्रव व हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। शनिवार को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान बक्सर जिले के डुमरांव विधानसभा क्षेत्र में रोड शो कर रहे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद और भोजपुरी गायक-अभिनेता मनोज तिवारी पर हमले की कोशिश की गई है। यह घटना डुमरांव के अरियांव गांव के ब्रह्म स्थान के पास हुई।

सांसद मनोज तिवारी ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह जानकारी दी और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के समर्थकों पर उपद्रव व हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि उन्हें "मोकामा जैसा कांड" होने से बचाने के लिए अपने ड्राइवर को गाड़ी तेजी से भगाने को कहना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने उनकी गाड़ियों पर डंडे बरसाए और शीशे तोड़ने की कोशिश की, साथ ही उनकी गाड़ी पर RJD का झंडा लगाने का प्रयास भी किया।
यह भी पढ़ें: बिहार चुनाव: एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी अनिल कुमार पर जानलेवा हमला, राजद समर्थकों पर लगा आरोप
तिवारी ने इस घटना के लिए RJD को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यह सब गुंडागर्दी और भय फैलाने की कोशिश है, और उन्होंने चुनाव आयोग से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में, मनरेगा के पंचायत तकनीकी सहायक धनजी सिंह के लिखित बयान पर 11 नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अरियांव गांव में छापेमारी कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
---समाप्त---