यूपी में पत्रकारों की सुरक्षा के दावों के बीच, खबर चलाने को लेकर एक पत्रकार को परिवार सहित तेजाब फेंकने और जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है। ताजा मामला रामपुर जनपद के थाना गंज क्षेत्र का है, जहाँ एक निजी मीडिया एजेंसी के पत्रकार खान उबैद के घर पर एक धमकी भरा हस्तलिखित पत्र चिपकाया गया।

​पत्र में पत्रकार से तत्काल रात को प्रसारित की गई 'मूला जी' से संबंधित खबर को हटाने की मांग की गई है। पत्र की भाषा शैली से स्पष्ट होता है कि यह किसी कम पढ़े-लिखे व्यक्ति का काम है। इसमें खुले तौर पर चेतावनी दी गई है: "घर वालों पे तेजाब फेंकेंगे तू भी बहार दिखाई मत देना उड़ा देंगे सिपली" (परिवार पर तेजाब फेंकेंगे, तुम भी बाहर मत दिखना, तुम्हें उड़ा देंगे)।

              

​पत्रकार खान उबैद ने बताया कि इस धमकी से दो दिन पहले, कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम कार्यालय के सामने एक बुर्काधारी महिला ने खबर चलाने की नाराजगी में उन पर हमला करने की कोशिश की थी और '76 का मुकदमा' लगाने की धमकी दी थी। मौके पर मौजूद अन्य पत्रकारों ने स्थिति को संभाला था।


Advertisement

​गंभीर धमकी भरा पत्र मिलने के बाद, पत्रकार खान उबैद ने तुरंत डायल 112 और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। थाना गंज प्रभारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस कप्तान विद्यासागर मिश्र ने भी जांच की पुष्टि करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

---समाप्त---