पुणे/महाराष्ट्र (Uttarakhand Tehelka)। Pune-Bengaluru राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें कम से कम आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना नवले ब्रिज (Navale Bridge) के पास हुई, जहाँ एक अनियंत्रित कंटेनर ट्रक ने कई यात्री वाहनों को टक्कर मार दी।
बेकाबू कंटेनर ने मचाया तांडव
मिली जानकारी के अनुसार, Pune-Bengaluru हाईवे और सतारा की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक ने संभवतः नियंत्रण खो दिया और एक के बाद एक कई गाड़ियों को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कम से कम दो से तीन भारी और निजी वाहनों में भयानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक निजी कार दो कंटेनर ट्रकों के बीच फंसकर बुरी तरह कुचल गई और आग की लपटों में समा गई, जिससे कार में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।

जलकर खाक हुईं गाड़ियाँ, Pune-Bengaluru हाईवे पर लगा जाम
Pune-Bengaluru हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और गाड़ियों में लगी आग ने स्थिति को और भयावह बना दिया। इस भीषण आग में कई वाहन जलकर खाक हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुँची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें: दिल्ली ब्लास्ट और Red Car का रहस्य: जानें क्यों खोज रही थी जांच एजेंसियां इस ‘लाल कार’ को?
पुणे सिटी पुलिस के डीसीपी संभाजी कदम ने बताया कि, "अब तक की जानकारी के अनुसार, हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है। बचाव और राहत कार्य तेजी से जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।"
हादसे के कारण Pune-Bengaluru हाईवे पर लंबा जाम लग गया है। पुलिस फिलहाल यातायात को सामान्य करने और दुर्घटना के कारणों की जाँच में जुटी हुई है। शुरुआती जाँच में कंटेनर ट्रक के ब्रेक फेल होने को हादसे का संभावित कारण बताया जा रहा है।
---समाप्त---