शामली की सदर कोतवाली क्षेत्र में 26 अगस्त को हुई हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान की हत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी जब मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहे, तो परिजनों और खाप चौधरियों का सब्र टूट गया। सोमवार को हुई महापंचायत के बाद मंगलवार को मृतक अंकित के पिता सतबीर फौजी और क्षेत्र के तमाम खाप चौधरी कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से सीधे मुलाकात कर अपनी बात रखी।

प्रशासन को 5 अक्टूबर तक अल्टीमेटम

​बैठक के दौरान खाप प्रतिनिधियों और पीड़ित पिता ने साफ कहा कि जब तक फरार शूटर सत्यम और आर्यन सलाखों के पीछे नहीं पहुंचते, तब तक परिवार को चैन नहीं मिलेगा। पुलिस अफसरों ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद भरोसा दिलाया कि कार्रवाई तेजी से चल रही है। अधिकारियों ने बताया कि मामले के दो आरोपियों को पहले ही एनकाउंटर में ढेर किया जा चुका है। अब बाकी बचे दो शूटरों पर इनाम की राशि बढ़ाई जा रही है और जल्द ही उनकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। इसके बावजूद खाप चौधरियों ने प्रशासन को 5 अक्टूबर तक की मोहलत दी है।

नरेश टिकैत का बड़ा बयान


Advertisement

​बैठक खत्म होने के बाद बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि खाप के पास संख्या बल की कोई कमी नहीं है, लेकिन वे कानून को अपने हाथ में नहीं लेना चाहते। उन्होंने बताया कि पुलिस-प्रशासन को पूरी छूट दी गई है ताकि वे निष्पक्ष जांच कर सकें। नरेश टिकैत ने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद दी जानी चाहिए। हरियाणा की कादयान खाप का जिक्र करते हुए उन्होंने अपील की कि खापों को अपराधियों का पक्ष कभी नहीं लेना चाहिए।

पुलिस कार्रवाई पर टिकी निगाहें

​फिलहाल इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस में फरार चल रहे दोनों बदमाश पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब तक सभी कसूरवारों को कड़ी सजा नहीं मिल जाती, वे पीछे नहीं हटने वाले। अब देखना यह होगा कि खाप द्वारा दी गई 5 अक्टूबर की समय सीमा से पहले पुलिस प्रशासन इन फरार अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा पाता है या नहीं।

---समाप्त---