रामपुर जिले में सरकारी धान खरीद शुरू होते ही किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बिलासपुर इलाके के किसानों ने खरीद की सीमा घटाए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। किसानों का कहना है कि पिछले साल प्रशासन ने प्रति एकड़ 22 क्विंटल धान खरीदने की अनुमति दी थी, जिसे इस बार घटाकर महज 16 क्विंटल कर दिया गया है। इस फैसले से इलाके के अन्नदाताओं में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
लागत बढ़ने से संकट
किसानों का कहना है कि इस समय खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं खेतों में धान की पैदावार 16 क्विंटल प्रति एकड़ से कहीं ज्यादा निकल रही है। ऐसे में अगर सरकार सिर्फ 16 क्विंटल ही खरीदेगी, तो बाकी बची फसल को लेकर किसान कहां जाएंगे? खरीद सीमा कम होने की वजह से उन्हें अपनी गाढ़ी कमाई की उपज औने-पौने दामों में बिचौलियों को बेचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
अधिकारी से गुहार
बिलासपुर के रतनपुरा निवासी किसान बचित्तर सिंह व बांसखेड़ा निवासी हरविंद्र सिंह समेत आसपास के तमाम किसानों एकत्र होकर उप क्षेत्रीय विपणन अधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर राहत की गुहार लगाई है। किसानों ने साफ कहा कि उनके नुकसान को रोकने के लिए धान खरीद की सीमा तुरंत बढ़ाकर 25 क्विंटल प्रति एकड़ की जाए। अगर प्रशासन ने जल्द फैसला नहीं लिया, तो किसानों को भारी आर्थिक मार झेलनी पड़ेगी।
---समाप्त---