नई दिल्ली, 27 नवंबर। देश की राजनीति और संसदीय व्यवस्था में बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन विधेयक और नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े संविधान संशोधन बिल को मंजूरी मिल गई। सरकार अब 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में इन विधेयकों को पेश करने जा रही है, लेकिन क्या ये बिल संसद में आसानी से पास होंगे, इसको लेकर अभी चर्चा, सवाल और इंतजार दोनों जारी हैं।

​क्या वाकई 50% बढ़ेंगी सीटें

केंद्र सरकार ने इस नए प्रस्ताव में राज्यों के बीच संतुलन बनाए रखने का खास ध्यान रखा है। प्रस्ताव के मुताबिक देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी करने की बात कही गई है, जिससे कुल सीटें 543 से बढ़कर लगभग 815 तक पहुंच सकती हैं। जिन राज्यों की वर्तमान सीटों की संख्या विषम है, वहां दशमलव के आंकड़े को निकटतम पूर्णांक में बदलने का प्रावधान रखा गया है। दक्षिण भारत के राज्यों की चिंताओं को देखते हुए सरकार ने यह भी तय किया है कि संसद में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी कम न हो और राज्यों के बीच सीटों का यह अनुपात साल 2051 तक स्थिर रहे। हालांकि यह तभी संभव होगा जब बिल संसद के दोनों सदनों में जरूरी बहुमत से पास हो जाए।

जानें किस राज्य में बढ़ेगी कितनी सीटें


Advertisement

राज्य / केंद्र शासित प्रदेश

वर्तमान लोकसभा सीटें

प्रस्तावित नई सीटें (+50%)

कुल बढ़ोतरी

उत्तर प्रदेश

80

120

+40

महाराष्ट्र

48

72

+24

पश्चिम बंगाल

42

63

+21

बिहार

40

60

+20

तमिलनाडु

39

59

+20

मध्य प्रदेश

29

44

+15

कर्नाटक

28

42

+14

गुजरात

26

39

+13

आंध्र प्रदेश

25

38

+13

राजस्थान

25

38

+13

ओडिशा

21

32

+11

केरल

20

30

+10

तेलंगाना

17

26

+9

असम

14

21

+7

झारखंड

14

21

+7

पंजाब

13

20

+7

छत्तीसगढ़

11

17

+6

हरियाणा

10

15

+5

दिल्ली (केंद्र शासित प्रदेश)

7

11

+4

उत्तराखंड

5

8

+3

जम्मू-कश्मीर (केंद्र शासित प्रदेश)

5

8

+3

हिमाचल प्रदेश

4

6

+2

​महिला आरक्षण का क्या बनेगा

कैबिनेट से मंजूर दूसरे बड़े संशोधन के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित सीटों में भी एक-तिहाई हिस्सा महिलाओं के लिए रखने की बात है। सीटें बढ़ने की स्थिति में मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों को कम किए बिना महिला आरक्षण लागू करने की राह आसान हो सकती है, बशर्ते संसद से इसे हरी झंडी मिले। सरकार का लक्ष्य इसे साल 2029 के आम चुनावों से पहले लागू करने का है, लेकिन इसके लिए संवैधानिक प्रक्रिया और वोटिंग के पड़ाव पार करने होंगे।

​राजनीतिक दलों के अलग सुर

इस प्रस्ताव पर अलग-अलग दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस फैसले का स्वागत किया है। वहीं विपक्षी खेमे से एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके और शरद पवार गुट की एनसीपी ने भी शर्तों के साथ सकारात्मक रुख दिखाया है। दूसरी तरफ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह और राजद सांसद सुरेंद्र यादव ने इस मुद्दे पर अपनी-अपनी राय रखी है। कई दलों का मानना है कि हर पहलू पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए और किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए।

​संसद सत्र पर टिकी निगाहें

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा, जबकि 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक होगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से इस विशेष बैठक का अनुरोध किया गया है। संविधान संशोधन विधेयक होने के कारण दोनों सदनों में जरूरी समर्थन जुटाना सबसे अहम रहेगा। अब सबकी नजरें संसद की बहस और वोटिंग पर टिकी हैं, जिसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह प्रस्ताव कानून बनता है या नहीं।

---समाप्त---