रुद्रपुर। जिले की कमान संभालते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद गुरुवार देर रात उन्होंने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना अध्यक्षों और चौकी प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की और अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं।
बैठक के दौरान एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि जिले में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संवेदनशील मामलों में बिना किसी देरी के त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने और थाने व चौकियों में आने वाले पीड़ितों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए उन्होंने तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल पर बल देते हुए शहर और प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की चौबीसों घंटे निरंतर मॉनिटरिंग करने को कहा। इसके साथ ही सड़कों पर प्रभावी पुलिस प्रेजेंस बनाए रखने और बल के भीतर कड़ा अनुशासन कायम रखने की हिदायत दी।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बैठक में मौजूद सभी प्रभारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि ड्यूटी के प्रति किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
---समाप्त---