समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेता आजम खान का एक अलग ही भावुक और बेबाक अंदाज देखने को मिला। मंच से बोलते हुए उन्होंने अपने जीवन के सबसे संघर्षपूर्ण अध्यायों को याद किया और सियासी यात्रा के उतार-चढ़ाव पर खुलकर विचार रखे। जेल के भीतर गुजरे पांच लंबे वर्षों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "मैंने अभी अखिलेश साहब से कहा था कि जेल में रहते हुए मैं कई बार अब्दुल्लाह से और वहां मौजूद लोगों से कहा करता था कि दिल चाहता है, काश अखिलेश जी भी छह महीने के लिए जेल आ जाते। तब उन्हें पता चलता कि दिन कैसे गुजरते हैं, रातें कैसे कटती हैं और उस दौर में इंसान किन हालातों से होकर गुजरता है।"
लंबे समय तक सलाखों के पीछे रहने और कानूनी चुनौतियों का सामना करने के बाद आजम खान ने अपनी शारीरिक और मानसिक स्थिति को लेकर भी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा, "आप सभी लोग हमारे लिए बेहद अहम हैं और बहुत कीमती हैं. अगर मुझसे कोई गलती हो जाए तो मुझे माफ कर दीजिए, क्योंकि पांच साल की कोठरी की तन्हाई ने मेरे दिल, दिमाग और शरीर को काफी कमजोर कर दिया है. अगर मैं, मेरा बेटा और मेरी बेटी आम इंसान होते तो शायद हमें मिट जाना चाहिए था. लेकिन हमने ठान लिया था कि अगर मरेंगे भी, तो कुछ करके मरेंगे. मैं उन कुछेक 'पागलों' में से एक हूं, जिसने जिंदगी में सिर्फ एक रास्ता और एक ही मंजिल चुनी. मैंने लगभग 50 साल का सफर सिर्फ एक परिवार और एक इंसान के साथ तय किया- नेताजी के साथ."
सियासी गलियारों में भीतरघात और जांच एजेंसियों के संभावित सवालों पर भी आजम खान ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए कहा, "एक बार मैं रास्ते से गुजर रहा था. मेरे पास एक सूमो गाड़ी थी. मैंने वह गाड़ी खुद नहीं खरीदी थी, पार्टी की तरफ से मिली थी. ईडी को एक और टॉपिक मिल जाएगा उसका हिसाब भी मांगा जा सकता है." सियासी मंशा पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आगे कहा, "उस समय एक जुलूस निकल रहा था. मैंने पूछा कि यह किसका है तो लोगों ने बताया कि यह रौनक कुरैशी का है. फिर एक और जुलूस दिखाई दिया. मैंने पूछा यह किसलिए है तो जवाब मिला कि किसी चुनावी जीत की खुशी में निकाला जा रहा है. राजनीति में कुछ लोग जीतने के लिए नहीं बल्कि दूसरों को हराने के लिए खड़े होते हैं. ऐसे लोग हमेशा नुकसान पहुंचाते हैं."
रिहाई के बाद की चुनौतियों और परिवार पर आए संकट को याद करते हुए उनकी आवाज में पीड़ा साफ झलकी। हिरासत के तनावपूर्ण पलों को याद करते हुए उन्होंने बताया, "मैंने जेल से निकलने के बाद कहा था कि वे दिन बहुत सख्त थे. कुछ ऐसे पल आए जब लगा कि सब कुछ खत्म हो जाएगा. एक समय ऐसा भी आया जब जेल प्रशासन ने ट्रांसफर की सूचना दी. वह भी बेहद कठिन दौर था." अपने बेटे की गिरफ्तारी को सबसे बड़ा आघात बताते हुए आजम खान ने कहा, "मेरे जीवन का सबसे दुखद समय वह था जब मुझे अपने उस बेटे को जेल में देखना पड़ा जिसे मैं बेगुनाह मानता हूं. एक पिता के लिए इससे बड़ा दर्द शायद ही कोई हो सकता है."
---समाप्त---