रामपुर, 19 नवंबर। क्षेत्र को शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित करने में अहम भूमिका निभाने वाले आर. ए. एन. पब्लिक स्कूल की डिबडिबा शाखा में गुरुवार को 38वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। 'उद्भव रूट्स टू विंग्स' थीम पर आयोजित समारोह में विद्यालय की 38 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा के साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा और भारतीय संस्कारों की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 318वीं रैंक प्राप्त करने वाली रिया जैन और यूकेपीएससी/पीसीएस 2026 में प्रथम स्थान हासिल करने वाली जसमीत कौर को सम्मानित किया गया।

एच. के. राय ने रखी थी संस्थान की नींव

आर. ए. एन. शिक्षण संस्थान की नींव विंग कमांडर एच. के. राय ने रखी थी। पिछले 38 वर्षों में संस्थान ने क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विद्यालय के प्रबंधक मोहित राय और निर्देशिका निधि राय की देखरेख में संस्थान अपनी शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

स्थापना दिवस की थीम 'उद्भव रूट्स टू विंग्स' के माध्यम से अपनी जड़ों और संस्कारों से जुड़े रहते हुए नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का संदेश दिया गया। 'उद्भव यात्रा' में विद्यालय के विकास के विभिन्न पड़ावों को प्रस्तुत किया गया।

अतिथियों ने दीप जलाकर किया शुभारंभ

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, डॉ. शिवेन कश्यप, विशिष्ट अतिथि रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, भारत भूषण चुग, स्कूल संस्थापक विंग कमांडर एच. के. राय, विद्यालय प्रबंधक मोहित राय, निर्देशिका निधि राय, मधु राय, प्रधानाचार्या ममता बिष्ट और भूरारानी शाखा की प्रधानाचार्या बीनू यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत 'स्वरांजलि' प्रस्तुत किया। स्वागत संबोधन और गणेश वंदना 'विघ्नेश्वर आराधना' के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।


Advertisement

नृत्य, नाटक के साथ शौर्य प्रदर्शन ने मोहा मन

विद्यार्थियों ने 'नृत्य संगम' में विभिन्न नृत्य शैलियों का प्रदर्शन किया। 'सत्य, निष्ठा, करुणा, धर्म एवं साहस रूट्स टू विंग्स' नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से नैतिक मूल्यों का संदेश दिया गया। 'वाद्य वृंद सुर संगम' में संगीत की प्रस्तुति हुई, जबकि 'भक्ति में शक्ति' कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कला दिखाई।

मोबाइल फोन के बढ़ते प्रभाव पर आधारित व्यंग्य नाटिका 'दरबार-ए-मोबाइल' और मानव सभ्यता के विकास को दर्शाने वाले 'स्टोन एज टू सिलिकॉन' नृत्य ने दर्शकों का ध्यान खींचा। शौर्य प्रदर्शन में विद्यार्थियों ने मार्शल आर्ट्स, गत्तका, मलखम और योग के जरिए अपने कौशल का परिचय दिया।

सिविल सेवा में सफल रिया जैन, पीसीएस टॉपर जसमीत कौर सम्मानित

समारोह में प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाली प्रतिभाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आर. ए. एन. पब्लिक स्कूल की डिबडिबा शाखा की रिया जैन को सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 318वीं रैंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वहीं यूकेपीएससी/पीसीएस 2026 में प्रथम स्थान हासिल करने वाली जसमीत कौर को भी सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर दोनों प्रतिभाओं के माता-पिता को भी मंच पर सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने सराहे विद्यालय के प्रयास

मुख्य अतिथि बलदेव सिंह औलख और डॉ. शिवेन कश्यप ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

विशिष्ट अतिथि शिव अरोड़ा, विकास शर्मा और भारत भूषण चुग ने विद्यालय के शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना भी है। विद्यालय इस दिशा में कार्य कर रहा है।

समारोह में दर्जा राज्यमंत्री सुरेश कोली, संजय ठुकराल, रवि सिडाना, अजय चड्डा, अमित नारंग, अमित सिंघल सहित अनेक गणमान्य लोग और अभिभावकगण मौजूद रहे। अंत में स्कूल की भूरारानी शाखा की प्रधानाचार्या बीनू यादव ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

---समाप्त---