लखनऊ, 25 नवंबर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाकर साथ आए एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद 26 नवंबर को लखनऊ की धरती से अपनी ताकत दिखाने जा रहे हैं। संविधान दिवस के मौके पर रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली 'बहुजन स्वराज संकल्प महारैली' को इस नए मोर्चे के पहले बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। इस आयोजन के जरिए दोनों दल प्रदेश के सियासी माहौल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने और अपने समर्थकों को एकजुट करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। रैली से पहले दोनों दलों के नेताओं की सक्रियता ने राजधानी की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
सपा, बसपा और कांग्रेस की बढ़ी चिंता
सियासी गलियारों से लेकर चौपालों तक सबसे बड़ा सवाल यही है कि ओवैसी और चंद्रशेखर की यह जोड़ी किसके लिए सबसे बड़ी चुनौती बनेगी। चुनावी जानकारों का मानना है कि दोनों नेताओं की सीधी नजर दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर है। यही वह वोट बैंक है, जिसे अब तक सपा, बसपा और कांग्रेस अपनी ताकत और परंपरागत आधार मानते रहे हैं। ऐसे में अगर दलित और मुस्लिम वोटों का यह समीकरण खिसकता है या बंटता है, तो तीनों प्रमुख विपक्षी दलों के सामने नई मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। इससे पहले लखनऊ में हुई संयुक्त बैठक के दौरान ओवैसी ने चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद के लिए पेश किए जाने की बात भी कही थी, जिससे इस गठजोड़ की राजनीतिक दिशा और दावेदारी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
30 से ज्यादा सीटों पर दिख सकता है सीधा असर
इस नए गठजोड़ की संभावित ताकत का अंदाजा पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों से लगाया जा रहा है। पिछले चुनाव में एआईएमआईएम ने दो दर्जन से अधिक विधानसभा क्षेत्रों के नतीजों को प्रभावित किया था। उस दौरान 14 सीटों पर पार्टी को 5 से 10 हजार वोट मिले थे, जबकि 5 सीटें ऐसी थीं जहां उसने 10 से 20 हजार तक मत हासिल किए थे। दूसरी तरफ आजाद समाज पार्टी ने भी पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर 2 सीटों पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई थी। इन्हीं आंकड़ों और दोनों दलों के जनाधार को जोड़कर राजनीतिक विश्लेषकों का आकलन है कि यह जोड़ी करीब 30 से ज्यादा सीटों का चुनावी गणित बदल सकती है और कई क्षेत्रों में मुकाबले को त्रिकोणीय या बहुकोणीय बना सकती है।
हार-जीत के मार्जिन ने बढ़ाई धड़कनें
पिछले चुनावी नतीजों पर नजर डालें तो 4 सीटों पर सपा की हार के पीछे एआईएमआईएम को मिले वोट बड़ी वजह माने गए थे। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक नकुड़ में सपा 315, मुरादाबाद नगर में 782, सुल्तानपुर में 1009 और कुर्सी सीट पर महज 217 वोटों से हारी थी, जहां भाजपा ने जीत दर्ज की। इन चारों सीटों पर एआईएमआईएम को क्रमशः 3593, 2661, 5251 और 8541 वोट मिले थे। वहीं चांदपुर में 245, बिलारी में 7610, मेरठ में 2605, किठौर में 2180, इसौली में 269, रानीगंज में 2649, रामनगर में 267 और डुमरियागंज में 771 वोटों के अंतर से सपा ने जीत हासिल की थी, जबकि इन सीटों पर एआईएमआईएम को क्रमशः 1586, 9235, 3038, 4833, 3308, 11748, 4940 और 4352 वोट मिले थे। कम अंतर वाली इन सीटों के आंकड़े बताते हैं कि मतों का थोड़ा भी विभाजन नतीजों की तस्वीर बदल सकता है।
लखनऊ रैली को लेकर यातायात बदलाव
26 नवंबर को होने वाली इस महारैली को लेकर राजधानी लखनऊ में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी दिन कांग्रेस की भी रैली प्रस्तावित होने के कारण प्रशासन ने शहर में रूट डायवर्जन लागू रखने की व्यवस्था की है, ताकि आम लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो। फिलहाल दोनों दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता महारैली में अधिक से अधिक भीड़ जुटाने के लिए लगातार संपर्क और जमीनी तैयारी में जुटे हुए हैं।
---समाप्त---