बरेली, 23 नवंबर। बहेड़ी क्षेत्र के पचपेड़ा गांव में किसान भगवान सिंह का अंतिम संस्कार रविवार शाम कड़ी सुरक्षा के बीच उसी 12 एकड़ विवादित जमीन पर कर दिया गया, जिसके लिए वह लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे। भगवान सिंह ने 20 नवंबर को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। उनकी मौत के तीसरे दिन प्रशासन और परिवार के बीच सहमति बनने के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे अंत्येष्टि संपन्न हुई।
किसान की मौत के बाद दो दिन से चल रहा गतिरोध रविवार को नैनीताल रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में पांच घंटे चली वार्ता के बाद समाप्त हुआ। सुबह से ही गुरुद्वारे में सिख संगत जुटने लगी थी और स्थिति को देखते हुए बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। दोपहर 12 बजे पाठ पूरा होने के बाद एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह और एसपी उत्तरी संतोष कुमार की मौजूदगी में छह सदस्यीय कमेटी से बातचीत शुरू हुई। कमेटी ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी, परिवार को दो करोड़ रुपये मुआवजा, विवादित जमीन वारिसों के नाम दर्ज करने और संबंधित सीओ के निलंबन की मांग रखी।
लंबी वार्ता के बाद प्रशासन ने विवादित 12 एकड़ कृषि भूमि के हस्तांतरण के लिए 10 दिन का समय मांगा और मुआवजे का प्रस्ताव शासन को भेजने का आश्वासन दिया। सीओ के खिलाफ लिखित शिकायत मिलने पर मजिस्ट्रेटी जांच कराने और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी करने की बात भी कही गई, जिसके बाद कमेटी ने अंतिम संस्कार पर सहमति दे दी।
इस मामले में मृतक के बेटे भाग सिंह एडवोकेट की तहरीर पर पुलिस ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के पूर्व एवं दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह, रुद्रपुर की मेट्रोपोलिस सिटी निवासी उनकी पत्नी संजेश, मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के बडकली नेकपुर निवासी संजीव कुमार राठी, पंतनगर की टीडीएस कॉलोनी निवासी अनुज कुमार और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बताया जा रहा है कि संजीव राठी कुलपति के साले हैं और रुद्रपुर में शिक्षक के रूप में परिवार के साथ रहते हैं, जबकि अनुज पंतनगर विश्वविद्यालय का कर्मचारी है।
तहरीर में भाग सिंह ने बताया कि उनके पिता ने 1995 में पचपेड़ा में यह कृषि भूमि खरीदी थी, जिस पर परिवार का कब्जा है और मकान भी बना हुआ है। राजस्व अभिलेखों में भी पिता का नाम दर्ज था, लेकिन आरोप है कि आरोपियों ने राजस्व अधिकारियों से सांठगांठ कर एकतरफा आदेश करा लिया और फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचना के जरिए जमीन का बैनामा करा लिया। शिकायतों के बावजूद सुनवाई न होने और आरोपियों की ओर से जमीन व मकान खाली करने के दबाव तथा जान से मारने की धमकियों से भगवान सिंह मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे।
परिजनों के मुताबिक, 20 नवंबर को जहरीला पदार्थ खाने के बाद भगवान सिंह उत्तराखंड के राजपुर स्थित अपनी ससुराल पहुंचे थे। वहां उन्होंने अपने साले गुरमुख सिंह से कहा कि कुलपति और उनके साथियों ने उन्हें बर्बाद कर दिया है और कहीं सुनवाई नहीं हो रही है, साथ ही सुसाइड नोट लिखने की बात भी कही। इसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार, भाग सिंह ने हस्तलिखित सुसाइड नोट और राजस्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की बात कही है। वहीं, एसपी उत्तरी संतोष कुमार से बातचीत में भाग सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष ने हाईकोर्ट में गलत तथ्य पेश कर मुकदमा जीत लिया था, जिसके खिलाफ रिवीजन दायर किया गया है और जमीन पर अब भी उनका कब्जा है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण, छल-कपट, कूटरचना, आपराधिक षड्यंत्र और धमकी देने समेत अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच बहेड़ी सर्कल के सीओ अरुण कुमार का जिले से बाहर तबादला किया गया है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह स्थानांतरण इस प्रकरण से जुड़ा है या नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। नानकमत्ता गुरुद्वारे के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह संधू ने भी सहमति बनने की जानकारी दी, जबकि अब 10 दिन के भीतर जमीन वारिसों के नाम दर्ज होने और मुआवजे की आगे की प्रक्रिया पर सबकी नजर टिकी है। इस दौरान सपा नेता तजिंदर सिंह विर्क, बहेड़ी ब्लॉक प्रमुख अमरिंदर सिंह गोल्डी समेत क्षेत्र के तमाम बड़े किसान नेता भी मौजूद रहे।
---समाप्त---