हरिद्वार (उत्तराखण्ड तहलका): हरिद्वार पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी श्री प्रमेंद्र सिंह डोभाल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए रानीपुर कोतवाली और सीआईयू (CIU) की संयुक्त टीम ने एक बड़े अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो हरिद्वार के कई इलाकों से मोटर साइकिलें चोरी कर उन्हें उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल में बाइकों का बाजार लगाकर बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई 10 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

ऐसे चला 'ऑपरेशन नेपाल':
लंबे समय से हरिद्वार के अलग-अलग इलाकों में लगातार दोपहिया वाहनों की चोरी होने की जानकारी मिल रही थी। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक विशेष टीम गठित की और सीआईयू को टेक्निकल सपोर्ट एवं फैक्टर लीड देने का निर्देश दिया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
चोरी का तरीका और नेपाल कनेक्शन:
गिरफ्तार दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रामपुर और गाजियाबाद जिले के रहने वाले हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मास्टर की का इस्तेमाल कर अलग-अलग जगहों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे।
यह भी पढ़ें: चीख़-पुकार! तीर्थयात्रियों से भरी बस टिहरी में खाई में गिरी, 5 की दर्दनाक मौत, 20 लहूलुहान
चोरी के बाद ये मुरादाबाद के रास्ते खटीमा होते हुए जंगल के रास्तों से बाइक को नेपाल ले जाते थे। नेपाल में चोरी की बाइक के लिए भारत की अपेक्षा अच्छे और महंगे दाम मिलते थे, इसलिए वहीं पर ये बाइकों का बाजार लगाते थे और ऊंची बोली लगने पर बेचकर आपस में रुपए बाँट लेते थे।
10 बाइक बरामद, बुलेट बरामदगी को पुलिस टीम रवाना:
रानीपुर कोतवाली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसएसपी डोभाल ने बताया कि बरामद सभी 10 बाइक हरिद्वार के विभिन्न इलाकों से चुराई गई थीं। चेकिंग के दौरान नेपाल ले जाई जा रही दो पल्सर मोटरसाइकिलों को भी पकड़ा गया। एसएसपी ने यह भी बताया कि आरोपियों ने भारत-नेपाल सीमा पर चोरी की दो बुलेट बाइक भी छिपाई हैं, जिनकी बरामदगी के लिए टीमों को रवाना कर दिया गया है।
गिरोह में अन्य कई सदस्यों के शामिल होने की जानकारी मिली है, जिनकी तलाश जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करेगी।
एसएसपी का बयान:
SSP श्री प्रमेंद्र डोभाल ने इस सफलता पर पुलिस टीम की सराहना की और कहा, "यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और लोगों के बीच दहशत पैदा कर रहा था। पुलिस इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य सदस्यों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करेगी। क्षेत्र में वाहन चोरी रोकने के लिए विशेष निगरानी जारी रहेगी।"
---समाप्त---