समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है। कोर्ट ने अपने आदेश में माना कि पहली नजर में आजम खान की गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम यानी PMLA की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं किया गया था।
हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच का फैसला
जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह-I की पीठ ने 17 नवंबर को यह महत्वपूर्ण आदेश जारी किया। कोर्ट ने आजम खान को निजी मुचलके और समान राशि के दो जमानतदारों के आधार पर रिहा करने का निर्देश दिया है। इसके लिए उन्हें गाजियाबाद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की संतुष्टि के अनुसार जमानत बांड भरना होगा। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 10 दिसंबर की तारीख तय की है।
वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल की दलीलें
सुनवाई के दौरान आजम खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत में पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि गिरफ्तारी के समय ईडी ने उनके मुक्किल को गिरफ्तारी के आधार और कारण लिखित रूप में उपलब्ध नहीं कराए थे। दूसरी ओर, ईडी का कहना था कि गिरफ्तारी के समय अधिकारियों ने दस्तावेज देने की कोशिश की थी, लेकिन आजम खान ने उन्हें लेने से इनकार कर दिया था। इसके समर्थन में जांच एजेंसी की ओर से पंचनामा भी अदालत में दाखिल किया गया।
गिरफ्तारी के दस्तावेजों में गंभीर कमियां
हालांकि, हाईकोर्ट ने मामले के रिकॉर्ड का बारीकी से अवलोकन करने के बाद कई बिंदुओं पर गंभीर सवाल उठाए। कोर्ट ने पाया कि गिरफ्तारी के आधार वाले दस्तावेज पर उन्हें तैयार करने की जगह, तारीख और समय का कोई उल्लेख नहीं किया गया था और ये कॉलम पूरी तरह खाली छोड़े गए थे। इसके अलावा, 31 अक्टूबर की रात आजम खान की बहन को भेजे गए व्हाट्सऐप मैसेज के साथ भी गिरफ्तारी के आधार संबंधी दस्तावेज संलग्न नहीं किए गए थे।
वीडियोग्राफी के दावों पर उठे सवाल
अदालत ने यह भी गौर किया कि ईडी ने स्वीकार किया था कि गिरफ्तारी की वीडियोग्राफी कराई गई थी, लेकिन ऐसा कोई भी वीडियो या फोटो पेश नहीं किया गया जिसमें अधिकारी आजम खान को दस्तावेज सौंपते नजर आएं और उनके इनकार करने की बात प्रमाणित होती हो। इसके अलावा, एक नवंबर को आजम खान की रिमांड मांगने के लिए दाखिल किए गए आवेदन में भी गिरफ्तारी की वीडियोग्राफी का कोई जिक्र नहीं था। इन तमाम परिस्थितियों के मद्देनजर कोर्ट ने अंतरिम राहत प्रदान करते हुए कहा कि ईडी के विरोध पर आगे और विचार किए जाने की आवश्यकता है।
---समाप्त---