लखनऊ, 18 नवंबर। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार शाम को हुई कैबिनेट की बैठक में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव के तहत ग्राम पंचायतों के प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने और बढ़ाने के अध्यादेश के मसौदे को मंजूरी दे दी गई है। राज्य की 57,694 ग्राम पंचायतों में निवर्तमान प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया था, जिनका छह महीने का कार्यकाल आगामी 26 नवंबर को समाप्त हो रहा था। अब इस अवधि को आगे बढ़ाने के लिए अध्यादेश लाया गया है।
प्रशासकों के कार्यकाल का हुआ विस्तार
प्रदेश में पंचायत चुनाव में देरी और पिछड़ा वर्ग आरक्षण की प्रक्रिया पूरी न हो पाने के कारण सरकार ने यह कदम उठाया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पंचायत चुनाव में देरी पर नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग से सवाल किए थे और तीन महीने के भीतर चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए थे। कानूनी और संवैधानिक अड़चनों से बचने के लिए सरकार ने अध्यादेश का रास्ता चुना है, जिससे प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने और बढ़ जाएगा।
आरक्षण प्रक्रिया में देरी बनी वजह
पंचायत चुनाव की तारीखों के संबंध में पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। आयोग अभी सर्वे और ट्रिपल टेस्ट फार्मूले के आधार पर ओबीसी आरक्षण की कवायद पूरी करने में जुटा है। सूत्रों के अनुसार, यह रिपोर्ट दिसंबर या जनवरी से पहले आने की संभावना नहीं है। ऐसे में यदि रिपोर्ट आ भी जाती है, तब तक राज्य में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी होगी, जिससे पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं होगा।
वोटर लिस्ट का पुनरीक्षण में व्यस्तता
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग प्रदेशभर में मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के कार्य में जुटा है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची को अपडेट किया जा रहा है, ताकि विधानसभा चुनाव समय पर मार्च के अंतिम सप्ताह या अप्रैल में कराए जा सकें। आयोग इस पूरी प्रक्रिया को युद्ध स्तर पर पूरा कर रहा है ताकि आगामी चुनावों में किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा न आए।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन और राज्य में निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने यह निर्णय लिया है। पंचायत चुनाव टलने से अब पूरा प्रशासनिक फोकस विधानसभा चुनावों पर केंद्रित हो गया है। सरकार और निर्वाचन आयोग दोनों ही स्तरों पर विधिक राय के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की कानूनी चुनौती से बचा जा सके।
---समाप्त---