रामपुर, 15 नवंबर। बिलासपुर तहसील के ग्राम नवाबगंज स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह में रविवार को बाबा दीप सिंह जी का शहीदी समागम पूर्ण श्रद्धा और सत्कार के साथ मनाया गया। इस धार्मिक आयोजन में दूर-दूर से आई संगत ने गहरी आस्था के साथ भाग लिया और गुरु चरणों में हाजिरी लगाकर नमन किया।

समागम का शुभारंभ गत शुक्रवार 13 नवंबर को सुबह दस बजे श्री अखंड पाठ के आरंभ के साथ हुआ था। तीन दिनों तक चले इस पवित्र धार्मिक अनुष्ठान के बाद रविवार को सुबह 9:30 बजे श्री अखंड पाठ का भोग डाला गया। इसके उपरांत रागी और कवीशरी जत्थों ने रसभीने गुरबाणी कीर्तन और कथा के माध्यम से उपस्थित संगत को भावविभोर कर दिया।

​सुबह 10 बजे से 11 बजे तक भाई अमरजीत सिंह जी (बाजपुर वाले) के रागी जत्थे ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। उन्होंने बाबा दीप सिंह जी की महान शहादत, धर्म के प्रति उनकी अटूट दृढ़ता और शीश देकर भी गुरु घर की मर्यादा बनाए रखने के ऐतिहासिक प्रसंगों का सविस्तार वर्णन किया। इसके पश्चात सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक भाई कुलदीप सिंह (रुद्रपुर वाले) के रागी जत्थे ने शबद कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु चरणों से जुड़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य ट्रस्टी सतनाम कौर ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा दीप सिंह जी ने धर्म की रक्षा के लिए अपना शीश भेंट कर दिया, लेकिन गुरु घर की आन-बान-शान को कभी झुकने नहीं दिया। उनकी यह अद्वितीय और प्रेरणादायी शहादत हर सिख को धर्म, कौम और मानवता के मार्ग पर अडिग रहने की सीख देती है।


Advertisement

​इस धार्मिक समागम को संपन्न कराने में सचिव जितेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह सोनू, गुरविंदर पाल सिंह, गज्जन सिंह, पारस अरोड़ा, किंदा सिंह, चिरमल सिंह, डॉ. संदीप सिंह, बेअंत सिंह, गुरमीत सिंह, गुरजीत सिंह, शमशेर सिंह, कुलवंत कौर, जसविंदर कौर, कश्मीर कौर और सिमरन कौर समेत तमाम सेवादारों का विशेष सहयोग रहा।

---समाप्त---