उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में मिलकखानम थाना क्षेत्र के तहत शनिवार को कार वॉशिंग सेंटर संचालक नवजोत सिंह की दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। कुम्हरिया कलां स्थित 'गिल कार वॉशिंग' सेंटर पर बैठे नवजोत पर कार सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ चार गोलियां बरसाकर उसकी जान ले ली थी। पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि इस खूनी खेल की जड़ें 50 वर्षीय रिश्ते की विधवा दादी से प्रेम प्रसंग, भागकर की गई कोर्ट मैरिज, ढाई एकड़ जमीन और बैंक खाते में आए 8 लाख रुपये के गंभीर पारिवारिक टकराव से जुड़ी हुई थीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दोनों हत्यारोपियों को घेराबंदी कर धर दबोचा है।

​विवाद और रंजिश की पूरी कहानी

​नवजोत सिंह की जिंदगी पिछले कुछ सालों से लगातार विवादों में घिरी रही थी। पहली पत्नी की संदिग्ध मौत के बाद दहेज हत्या के मामले में वह जेल जा चुका था। जेल से छूटने के बाद गांव की ही 50 वर्षीय रिश्ते की दादी से उसकी नजदीकियां बढ़ीं और करीब एक साल पहले दोनों कोर्ट मैरिज कर रामपुर में रहने लगे। महिला के बेटे न्यूजीलैंड में रहते हैं, जिन्होंने नई गाड़ी खरीदने के लिए मां के खाते में 8 लाख रुपये भेजे थे। महिला के नाम ढाई एकड़ कीमती जमीन भी थी। जमीन और रुपयों को लेकर करीब दो महीने पहले गांव में पंचायत भी बैठी, लेकिन कोई हल नहीं निकला। मां के इस रिश्ते और संपत्ति के विवाद से नाराज सौतेले बेटे अवदीप सिंह ने अपने फुफेरे भाई राजनदीप सिंह उर्फ रजविंदर के साथ मिलकर नवजोत को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

​जंगल के पास घेराबंदी कर दबोचा


Advertisement

​वारदात के बाद से ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी हर्षिता सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में हैं। इसके बाद मिलकखानम पुलिस ने पदमपुर बॉर्डर और पीपलीवन जंगल की ओर जाने वाले रास्तों पर घेराबंदी की। नहल बैराज के पास पुलिस टीम ने खुद को घिरता देख भागने की कोशिश कर रहे दोनों आरोपियों टाहकला निवासी अवदीप सिंह और बिलासपुर के कचनाल निवासी राजनदीप सिंह को मौके पर ही दबोच लिया।

​कार और असलहा बरामद

​पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई ग्रे रंग की ऑल्टो कार (UK 06M8966) बरामद कर ली है। इसके अलावा 32 बोर की एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, 315 बोर के दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि 

“पारिवारिक रंजिश के चलते सौतेले बेटे ने अपने फुफेरे भाई के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से घटना में प्रयुक्त कार व अवैध असलहे बरामद कर लिए गए हैं। दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।”

---समाप्त---