रुद्रपुर के खटीमा-देहरादून हाईवे स्थित गावा चौक पर बीती रात करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को इतनी बुरी तरह कुचला कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रम्पुरा निवासी 22 वर्षीय बबलू के रूप में हुई है जो गल्ला मंडी में बालाजी हार्डवेयर की दुकान पर कार्यरत था। देर रात हुई इस दर्दनाक घटना की खबर जैसे ही रम्पुरा क्षेत्र में फैली परिजनों के साथ भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और हाईवे पर जमकर बवाल काटा। आक्रोशित भीड़ ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक संख्या UK07CB8300 के साथ-साथ वहां से गुजर रहे अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ शुरू कर दी जिससे देर रात हाईवे पर युद्ध जैसा माहौल बन गया।
हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस दल-बल के साथ गावा चौक पहुंची लेकिन उग्र भीड़ को समझाना मुश्किल हो गया। स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस ने अंततः हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। इस दौरान कई लोग अपने वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए जिन्हें पुलिस ने तत्काल अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और मृतक के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना स्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ा रोष जताया। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों का खूनी खेल चल रहा है जो अब आम जनता के लिए जी का जंजाल बन चुका है। ठुकराल ने स्पष्ट किया कि यदि ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनता के हित में बड़ा आंदोलन करेंगे। गौरतलब है कि रविवार को भी एक ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की जान गई थी। दो भाइयों और एक बहन के बीच सबसे लाडले बबलू की मौत से रम्पुरा क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोग सड़कों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
---समाप्त---