नानकमत्ता (ऊधमसिंह नगर), 22 अक्टूबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने नानकमत्ता क्षेत्र में चलाए गए 'ऑपरेशन सफाया' की जानकारी देते हुए बताया कि अवैध हथियारों, कच्ची शराब और वांछित आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की है। उनके निर्देशन में गठित 10 पुलिस टीमों ने करीब 10 घंटे तक अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग मामलों में कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 14 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
ऑपरेशन सफाया की जानकारी देते उधम सिंह नगर एसएसपी अजय गणपति
अवैध हथियारों के साथ 10 गिरफ्तार
एसएसपी अजय गणपति के मुताबिक, अभियान के दौरान पुलिस ने 10 अवैध तमंचे और 13 कारतूस बरामद कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार कर 350 लीटर से अधिक शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला करीब 10 हजार लीटर लाहन भी नष्ट किया।
दो वारंटी गिरफ्तार, 14 संदिग्ध हिरासत में
एसएसपी ने बताया कि अभियान के दौरान दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत 14 संदिग्धों को हिरासत में लेने की जानकारी दी गई।
12 लाख रुपये नकद मिलने की जांच
अजय गणपति ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध के पास से करीब 12 लाख रुपये नकद और सात क्यूआर कोड स्कैनर भी बरामद हुए हैं। इस बरामदगी की साइबर अपराध के पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल नकदी और उपकरणों का किसी साइबर अपराध से संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है।
---समाप्त---