टांडा/रामपुर विधवा के घर का ताला तोड़कर शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों द्वारा जेवर, नकदी,कपड़े सहित डेढ़ लाख की चोरी कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। विधवा की ओर से कोतवाली में घटना की तहरीर देदी गयी है।समाचार भेजे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी और न ही पुलिस द्वारा घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया है। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नगर के निकटवर्ती ग्राम मोहनपुरा निवासी विधवा महिला रेशमा का कहना है कि उसके पति का दो साल पहले इंतकाल हो चुका है।उसके चार बच्चे हैं।जिनमें बेटी सबसे बड़ी है,जिसका रिश्ता हो गया है। मायके वालों ने मोहनपुरा में अपने पड़ोस में ही उसे मकान बनाकर दे दिया है। जिसमें वह अपने बच्चों के साथ रहती है। शुक्रवार को वह अपने बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर कोतवाली स्वार के कस्बा नरपतनगर गयी थी। इस बीच शनिवार की सुबह उसे सूचना मिली कि घर का ताला तोड़कर सामान चोरी कर लिया गया है। सूचना मिलने पर वह यहां आई तो देखा कि घर के गेट का ताला टूटा हुआ है। अंदर छोटे-बड़े दो संदूकों का भी ताला टूटा हुआ है। चोरों ने घर से 55 हजार रुपये नकद,सवा तोले का सोने का ज़ेवर,दो जोड़ी चांदी की पायल सहित लड़की की शादी के लिए रखा अन्य सामान चोरी कर लिया है।नकदी सहित चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख बताई जाती है। विधवा ने चोरी की लिखित सूचना कोतवाली पुलिस को देदी है। समाचार भेजे जाने तक न तो पुलिस द्वारा चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी और न ही घटनास्थल का मौका मुआयना ही किया गया है।

---समाप्त---