जनपद के रामनगर में गुरुवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ नहर के किनारे एक 18 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हमलावरों ने युवक की हत्या इतनी बेरहमी से की थी कि उसका चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था। स्थानीय निवासियों ने सुबह जब भगवान दास की चक्की के पास शव पड़ा देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

​पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान आदर्श नगर कॉलोनी निवासी समीर उर्फ लक्की के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई इमरान ने बताया कि समीर बुधवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था, लेकिन जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी काफी तलाश की। सुबह समीर की हत्या की खबर मिलने से घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर पुरानी रंजिश या किसी साजिश के तहत सिर कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

​कोतवाल सुशील कुमार ने पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब हत्यारों तक पहुँचने के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि समीर बुधवार रात आखिरी बार किसके साथ था। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।


Advertisement
---समाप्त---