उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने 14 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद एक अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी महिला अमनदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला उत्तराखंड के रुद्रपुर की रहने वाली है, जिसने अपने ही प्रेमी ट्रक चालक बलविंदर सिंह को बेहद खौफनाक तरीके से मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस हिरासत में आरोपी अमनदीप
घटना वाले दिन बलविंदर सिंह रुद्रपुर से माल लादकर नेपाल बॉर्डर की तरफ जा रहा था। रास्ते में पीलीभीत हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर के पास खड़े ट्रक में अमनदीप उससे मिलने पहुंची। दोनों के बीच बातचीत के दौरान तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने पास में रखी लोहे की भारी रॉड उठाकर बलविंदर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया।
हत्या को हादसे की शक्ल देने के इरादे से महिला ने ट्रक के केबिन में रखी डीजल की केन बलविंदर पर उड़ेल दी और आग लगा दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि बलविंदर की मौत जलने से पहले केबिन में फैले जहरीले धुएं के कारण दम घुटने से हुई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई ताकि मामला एक साधारण सड़क हादसा लगे।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका बलविंदर के साथ पिछले तीन सालों से प्रेम संबंध था। जब उसने अपने वैवाहिक जीवन को बचाने के लिए प्रेमी से दूरी बनानी चाही, तो बलविंदर उसे अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करने लगा। इसी रोज-रोज की ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना से तंग आकर उसने प्रेमी को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।
शुरुआत में पुलिस भी इसे एक हादसा मान रही थी, लेकिन मृतक के भाई की शिकायत पर गहराई से तफ्तीश शुरू की गई। हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन ट्रेस करने पर महिला की भूमिका संदिग्ध पाई गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर अमनदीप ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल रॉड और खाली केन बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।
---समाप्त---