उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की पुलिस का आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट संदिग्ध परिस्थितियों में कम्प्रोमाइज हो गया है। लगभग 76 हजार फॉलोअर्स वाले इस हाई-प्रोफाइल हैंडल से अचानक अजीबोगरीब गतिविधियां देखने को मिलीं, जिससे प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया। प्राथमिक जांच में इसे साइबर अटैक का मामला माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

​प्रोफाइल बदली

​अकाउंट हैक होने के तुरंत बाद हैकर्स ने बिजनौर पुलिस के हैंडल की मूल पहचान पूरी तरह से बदल दी। हैंडल का आधिकारिक नाम और उत्तर प्रदेश पुलिस का लोगो हटाकर उसकी जगह 'ether.fi' का नाम और नया लोगो लगा दिया गया। इतना ही नहीं, अकाउंट के बायो में भी बदलाव करके वित्तीय दावों से जुड़ी बातें लिख दी गईं, जिससे आम लोग असमंजस में पड़ गए।

​क्रिप्टो प्रमोशन

​सेंधमारी के कुछ ही घंटों के भीतर इस हैंडल से ताबड़तोड़ पोस्ट्स की बौछार शुरू हो गई। हैकर्स द्वारा लगातार ETHFI क्रेडिट, कैश रिवॉर्ड्स और क्रिप्टो वॉलेट से जुड़ी सैकड़ों प्रमोशनल सामग्रियां री-ट्वीट और पोस्ट की जाने लगीं। कुछ ही देर में सैकड़ों भ्रामक लिंक शेयर किए गए, जो साइबर ठगी का प्रयास प्रतीत होते हैं।

​जांच शुरू

​एक जिम्मेदार सुरक्षा एजेंसी का हैंडल हैक होने की घटना ने पुलिस विभाग की डिजिटल सुरक्षा प्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। साइबर सेल की टीम तुरंत हरकत में आ गई है और अकाउंट को फिर से रिकवर करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस प्रशासन जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट करने की तैयारी में है।


Advertisement

---समाप्त---