पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल ख़ान के दराज़िंदा इलाके में उस वक्त कोहराम मच गया जब वहां चल रहे अमन मेले के पास एक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना भीषण था कि चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिसके तुरंत बाद स्थानीय लोग और सुरक्षाकर्मी मदद के लिए दौड़े।

​राहत टीमें मौके पर

​घटना की जानकारी मिलते ही दराज़िंदा राहत स्टेशन की टीमें फौरन मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला आपातकालीन अधिकारी मोहम्मद आरिफ़ ख़ान ने तुरंत कमान संभाली और मुख्य शहर से चार अतिरिक्त एंबुलेंस के साथ मेडिकल स्टाफ का दल रवाना किया। मौके पर पहुंचे बचाव कर्मियों ने मलबे और भीड़ के बीच से हताहतों को बाहर निकालना शुरू किया।

​अस्पतालों में इलाज जारी


Advertisement

​रेस्क्यू 1122 के अफसरों ने बताया कि हादसे वाली जगह से अब तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं 30 घायलों को प्राथमिक इलाज देने के बाद अलग-अलग नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि राहत दल लगातार मौके पर डटे हुए हैं ताकि किसी भी जरूरतमंद तक फौरन मदद पहुंचाई जा सके। धमाका कैसे हुआ और इसके पीछे किसका हाथ है, सुरक्षा एजेंसियां इसकी बारीकी से पड़ताल में जुटी हैं।

---समाप्त---