अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कॉन्गो की राजधानी किंशासा जा रहा सेना का एक विमान शुक्रवार को भीषण हादसे का शिकार हो गया। किकवित से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान केंगे इलाके के पास अनियंत्रित होकर नीचे आ गिरा और जमीन से टकराते ही उसमें आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में प्लेन में सवार सभी 14 लोगों की मौके पर ही जलने और गंभीर चोटें आने से जान चली गई। अचानक हुए इस बड़े हादसे से सेना के कैंप और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। आसमान में काला धुआं उठता देख स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक पूरा विमान आग की लपटों में घिरकर मलबे में तब्दील हो चुका था।

​धमाके के साथ फैला मलबा

​स्थानीय चश्मदीदों के मुताबिक विमान हवा में अचानक डगमगाया और फिर तेज आवाज के साथ जमीन पर जा गिरा। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की धरती दहल उठी। विमान गिरते ही आग का बड़ा गोला बन गया, जिसकी वजह से अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल सका। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सेना की टीमें राहत व बचाव के लिए दौड़ पड़ीं। घंटों की मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया, तब मलबे से 14 शव बरामद किए जा सके।

​पूरे इलाके में पसरा मातम


Advertisement

​इस भयानक हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सेना के बेस कैंप में सन्नाटा पसरा हुआ है और अपने साथियों को खोने वाले जवानों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन परिवारों ने इस हादसे में अपनों को खोया है, वहां चीख-पुकार मची है। सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया। प्रशासन की तरफ से पीड़ितों के परिजनों तक हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है।

​हादसे की वजह तलाश रही टीम

​फिलहाल सुरक्षाबलों ने घटनास्थल को चारों तरफ से घेर लिया है और मलबे की बारीक पड़ताल की जा रही है। यह हादसा किसी तकनीकी खराबी के चलते हुआ या फिर खराब मौसम के कारण पायलट का नियंत्रण छूटा, यह अभी पूरी तरह साफ नहीं हो सका है। जांच दल विमान के ब्लैक बॉक्स और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर की तलाश में जुटा है ताकि क्रैश के आखिरी पलों की सटीक जानकारी मिल सके। वायुसेना और नागरिक उड्डयन विभाग की टीम मिलकर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

---समाप्त---