सोशल मीडिया पर यूट्यूबर ध्रुव राठी की गिरफ्तारी की अफवाह आग की तरह फैल रही है। हर कोई इतनी बड़ी कार्रवाई के पीछे का सच जानना चाहता है। अब ध्रुव राठी की गिरफ्तारी को लेकर नोएडा पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ध्रुव राठी की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और यह दावा पूरी तरह भ्रामक व निराधार है। इंटरनेट पर अचानक यह चर्चा जोर पकड़ने लगी कि हिंदू देवी-देवताओं के अपमान और विवादित बयानों को लेकर नोएडा पुलिस ने ध्रुव राठी को शिकंजे में ले लिया है। पोस्ट्स में लोग तरह-तरह के दावे करने लगे कि बाबा का प्रदेश है, यहां कानून से खिलवाड़ करने वालों पर बुलडोजर न्याय चलता है और अब किसी की पैरवी काम नहीं आएगी। कुछ ही घंटों में यह बात जंगल में आग की तरह फैल गई और लोग इसे सच मानकर धड़ाधड़ शेयर करने लगे।
सोशल मीडिया का सियासी ड्रामा
व्हाट्सएप और फेसबुक पर चल रहे संदेशों में दावा किया जा रहा था कि ध्रुव राठी के पुराने वीडियो और देवी-देवताओं से जुड़े विवादों की फाइलें खुल चुकी हैं। कई यूजर्स लिख रहे थे कि उत्तर प्रदेश की पुलिस ने सीमा पार जाकर यह कार्रवाई की है और अब उन्हें कानून का पाठ पढ़ाया जाएगा। इन पोस्ट्स के साथ सियासी तड़का भी लगाया गया कि अब कोई बड़ा से बड़ा नेता भी उन्हें बचा नहीं पाएगा। आम पाठक इन बातों को पढ़कर हैरान थे कि अचानक यह बड़ी गिरफ्तारी कब और कैसे हो गई।

पुलिस अफसरों का सीधा जवाब
मामले ने जब तूल पकड़ा तो गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने तुरंत इस अफवाह की हवा निकाल दी। पुलिस अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही बातें पूरी तरह मनगढ़ंत और झूठी हैं। पुलिस ने साफ किया कि न तो ध्रुव राठी पर जिले में ऐसी कोई कार्रवाई हुई है और न ही उन्हें पकड़ा गया है। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि लोग भावनाओं में बहकर बिना सोचे-समझे ऐसी झूठी बातों को सच न मानें और किसी भी पोस्ट की सच्चाई जाने बिना आगे न भेजें।
माहौल बिगाड़ने वालों को चेतावनी
जिले के पुलिस महकमे ने साफ हिदायत दी है कि देवी-देवताओं या सरकार के नाम पर फर्जी दावे करके माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। साइबर टीम को ऐसे सोशल मीडिया खातों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं जो भ्रामक खबरें फैला रहे हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी धाराएं लगाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---समाप्त---