मेरठ के काशी टोल प्लाजा से लेकर सुभारती यूनिवर्सिटी तक सोमवार सुबह से ही सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम नजर आया। अपने दो दिवसीय पश्चिमी उत्तर प्रदेश दौरे की शुरुआत करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत 25 बुलडोजरों की कतार लगाकर किया गया। जैसे ही उनका काफिला टोल प्लाजा पहुंचा, क्रेन के जरिए उन्हें विशाल माला पहनाई गई और बुलडोजरों से करीब 5 क्विंटल फूलों की बारिश की गई। ढोल-नगाड़ों की थाप और 'जय श्री राम' के नारों के बीच नितिन नवीन ने हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने मंच पर मौजूद राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सोमेंद्र तोमर की पीठ थपथपाई और उनका गाल छूकर हौसला बढ़ाया। यूनिवर्सिटी के सभागार में शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो टूक कहा कि 2017 से पहले पूरे प्रदेश में खौफ और असुरक्षा का माहौल था, कानून व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी थी और सत्ता में बैठे कुछ लोग सरकारी आवासों से नल की टोंटी तक चुरा लेते थे। आज वही लोग युवाओं को तरक्की के झूठे सपने दिखा रहे हैं, जबकि असलियत यह है कि उन्होंने कभी अपने परिवार के बाहर किसी पिछड़े या दलित के भले के बारे में सोचा ही नहीं।
टोंटी चुराने वाले दिखा रहे झूठे सपने
नितिन नवीन ने संत रविदास की 650वीं जयंती का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सभी संतों और महापुरुषों का सम्मान करती है, जबकि कांग्रेस और उसके साथी केवल एक खानदान का जन्मदिन मनाने में लगे रहते थे। उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन सरकार में योजनाएं जाति या धर्म देखकर नहीं, बल्कि गरीब की लाचारी देखकर बनाई जाती हैं। पहले यूपी में कांवड़ियों पर पाबंदियां लगती थीं और रामनवमी के जुलूसों को रोक दिया जाता था, लेकिन आज नए-नए एक्सप्रेस-वे, सुरक्षा और कानून का राज इस राज्य की असली पहचान बन चुके हैं। युवा सम्मेलन में छात्रों से सीधे संवाद करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज की पीढ़ी को नशे की लत और जिंदगी में शॉर्टकट तलाशने की आदत से खुद को दूर रखना होगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे मोबाइल पर रील देखने के बजाय जीवन के असल सच को समझें और देश निर्माण में भागीदार बनें। सियासी जानकारों का मानना है कि नितिन नवीन का यह दौरा पश्चिमी यूपी में पार्टी को सीधे बूथ स्तर पर मजबूत करने की रणनीति का बड़ा हिस्सा है।
बाबर के अनुयायियों को सिर्फ बजरंगबली देंगे जवाब
मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस ने देश और प्रदेश को केवल परिवारवाद और जातिवाद की बीमारी दी है। योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में राजनीति का मतलब सिर्फ अपना उल्लू सीधा करना रह गया था और सत्ता शोषण का जरिया बन चुकी थी। दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर सम्मानित करने वाले लोग अब फिर से समाज को जातियों में बांटने की साजिश रच रहे हैं। सीएम ने साफ लहजे में कहा कि जिन्हें भगवान राम के नाम से चिढ़ होती थी, उनकी सोच बाबर जैसी थी और बाबर के अनुयायियों को सही जवाब केवल बजरंगबली के सच्चे भक्त ही दे सकते हैं। योगी ने भरोसा दिलाया कि अब प्रदेश में कोई कट्टा और तमंचे की राजनीति नहीं कर सकता और कांवड़ यात्रा से लेकर जन्माष्टमी तक हर त्योहार पूरे सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कहा कि योगी सरकार के विकास कार्यों के सामने विरोधी दल नजरें मिलाने की स्थिति में नहीं हैं। वहीं इस पूरे सियासी घटनाक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सपा नेता गौरव गुर्जर को उनके घर में नजरबंद रखा।
---समाप्त---