उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात से पूरा शहर दहल उठा। कलेक्ट्रेट के सामने शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल में सुबह करीब 11:30 बजे उस समय कोहराम मच गया, जब कैंपस के भीतर गोलियों की आवाज गूंजने लगी। बैग में तमंचा छिपाकर स्कूल पहुंचे 28 वर्षीय सऊद अंसारी ने स्कूल की दूसरी मंजिल पर पढ़ा रही 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा को बातचीत के बहाने गैलरी में बुलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों के बीच कुछ ही सेकंड कहासुनी हुई और फिर सऊद ने बैग से तमंचा निकालकर निशात पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही निशात लहूलुहान होकर वहीं फर्श पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

​वारदात के बाद खुदकुशी

शिक्षिका की जान लेने के तुरंत बाद आरोपी सऊद ने उसी असलहे से अपनी कनपटी पर गोली दाग दी। गोली लगते ही वह भी वहीं गिर पड़ा और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े स्कूल की गैलरी में हुए इस दोहरे गोलीकांड से क्लासरूम में मौजूद बच्चों और शिक्षकों में चीख-पुकार मच गई। डर के मारे बच्चे कमरों में दुबक गए और पूरे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास के लोग और स्कूल का स्टाफ जब तक कुछ समझ पाते, तब तक दोनों के शरीर खून से लथपथ पड़े थे। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत इस खौफनाक वारदात की जानकारी पुलिस को दी।

​अधिकारियों ने संभाला मोर्चा


Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग और जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह भारी पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत पूरे स्कूल परिसर को सील करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से खोखे, तमंचा और अन्य साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों ने स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों से पूछताछ की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुरक्षा के दावों के बीच कोई बाहरी शख्स हथियार के साथ कैंपस के अंदर तक कैसे पहुंच गया।

​आपसी विवाद की आशंका

शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका निशात फातिमा और सऊद एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच हाल ही में किसी बात को लेकर विवाद और दूरी बढ़ गई थी, जिससे नाराज होकर युवक इस खौफनाक इरादे से स्कूल पहुंचा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों परिवारों से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है और पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।

---समाप्त---