मोहाली जिले के सोहाना में चल रही एक स्थानीय कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान रविवार देर शाम सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। प्रतियोगिता के प्रमुख प्रमोटर और पंजाब कबड्डी जगत में जाना-माना नाम, 30 वर्षीय दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली है और दावा किया है कि यह गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला है।

सेल्फी लेने के बहाने ​वारदात

​घटना उस समय हुई जब सोहाना में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और वेदवान स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट चल रहा था। जानकारी के अनुसार, कुछ हमलावर प्रशंसक बनकर राणा बलाचौरिया के पास पहुंचे और सेल्फी लेने के बहाने उनके नजदीक आए। नजदीक आते ही हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। राणा बलाचौरिया को नजदीक से कई गोलियां मारी गईं, जिसमें से एक गोली उनके सिर में लगी। गंभीर रूप से घायल राणा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​घटना की सूचना मिलते ही मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस मौके पर पहुंचे। एसएसपी हंस ने इस वारदात को गैंगवार से जोड़कर देखने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि हमलावर तीन से चार थे, जिन्होंने चार से पांच राउंड फायर किए और वारदात को अंजाम देने के बाद बोलेरो और मोटरसाइकिलों पर बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।


Advertisement

​बंबीहा गैंग ने ली जिम्मेदारी

​इस हत्याकांड के कुछ ही देर बाद, कुख्यात बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए जिम्मेदारी ले ली। गैंग ने राणा बलाचौरिया पर सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों का साथ देने और उन्हें रहने के लिए जगह दिलवाने का आरोप लगाया है। गैंग ने लिखा कि, "आज राणा बलाचौरिया को मारकर हमने अपने भाई सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला लिया।" बंबीहा गैंग ने यह भी दावा किया कि राणा बलाचौरिया लॉरेंस और जग्गू भगवानपुरिया गैंग के साथ संबंध रखता था।

​गैंग ने पोस्ट में कबड्डी खिलाड़ियों और उनके माता-पिता को सीधे तौर पर धमकी दी है कि वे जग्गू और हैरी की टीम में न खेलें, वरना उन्हें भी ऐसे ही अंजाम भुगतना पड़ेगा।

सुरक्षा पर सवाल

​यह टूर्नामेंट 12 दिसंबर को शुरू हुआ था और इसका फाइनल 15 दिसंबर को होना था। घटना के वक्त टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण चल रहा था और गोलियों की आवाजें भी कैमरों में कैद हो गईं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में गोलियों की आवाज सुनकर दर्शकों और खिलाड़ियों में भगदड़ मचती दिखाई दे रही है। इस घटना के कारण पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख, जिन्हें मुख्य मेहमान के रूप में पहुंचना था, ने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया।

​इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर पंजाब में खेल आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 10 दिन के भीतर ट्राइसिटी (चंडीगढ़, मोहाली, पंचकुला) में यह गैंगवार से जुड़ी दूसरी बड़ी वारदात है। मोहाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से जांच करने और अपराधियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

---समाप्त---