राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब आईसीआईसीआई बैंक के बाहर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है, जो मशहूर सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। दिव्या आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर तैनात थीं और रोजाना की तरह अपने काम पर आई थीं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घात लगाकर बैंक के बाहर बैठा था पति

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिव्या किसी क्लाइंट से मिलकर जैसे ही बैंक के पास पहुंचीं, वहां पहले से घात लगाकर बैठा उनका पति सामने आ गया। दोनों के बीच कुछ देर के लिए बातचीत हुई, जो देखते ही देखते कहासुनी में बदल गई। इसके बाद आरोपी ने अचानक तमंचा निकाला और दिव्या पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही दिव्या लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तेजी से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दिव्या को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बहन की हत्या के बाद खुद को मारी गोली


Advertisement

​पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी का खूनी खेल यहीं नहीं थमा। वह बैंक से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित अपने घर पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने बिना कोई मौका दिए अपनी सगी बहन को भी गोली मार दी। इसके तुरंत बाद आरोपी ने खुद के सिर में भी गोली दाग ली। एक ही परिवार के इस खौफनाक घटनाक्रम में तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

तलाक का मामला और वैवाहिक विवाद

​पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से गंभीर विवाद चल रहा था। दिव्या ने करीब एक साल पहले अदालत में पति से तलाक की अर्जी दाखिल की थी, जिसका केस कोर्ट में विचाराधीन था। आपसी रंजिश और वैवाहिक कलह को ही इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले के हर कानूनी और फोरेंसिक पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़ी सभी कड़ियों को जोड़ा जा सके।

---समाप्त---