रामपुर जिले के मिलक क्षेत्र के गांव लखीमपुर विष्णु निवासी बजरंग दल के पूर्व प्रखंड संयोजक सूरज पटेल का शव बुधवार सुबह खेत में पेड़ से लटकता मिला था। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल समेत विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता शव को लेकर मिलक कोतवाली पहुंच गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष आदेश शंखधार की प्रताड़ना के कारण ही सूरज पटेल ने यह आत्मघाती कदम उठाया है।

मृतक की पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप​

मृतक की पत्नी विनिता की तहरीर पर पुलिस ने आदेश शंखधार के खिलाफ मामला दर्ज किया। पत्नी का आरोप है कि आरोपित ने सूरज पटेल के खिलाफ एक झूठी प्राथमिकी दर्ज कराई थी और मामले में समझौते के नाम पर दस लाख रुपये की मांग कर रहा था। रुपये न देने पर उसने घर पर बुलडोजर चलवाने की धमकी भी दी थी। इस मुकदमे और लगातार पड़ रहे मानसिक दबाव के कारण सूरज पटेल गहरे तनाव में थे, जिसके चलते उन्होंने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। प्रदर्शनकारी आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

आरोपी हिन्दू नेता आदेश शंखधर गिरफ्तार


Advertisement

गुरुवार सुबह से ही आक्रोशित लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दोबारा सड़कों पर उतर आए। कोतवाली के बाहर हंगामे के बाद प्रदर्शनकारी बिलासपुर रोड स्थित बिजली घर के सामने एकत्र हो गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक सीओ राजवीर सिंह परिहार, बिलासपुर सीओ हर्षिता सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को काफी समझाने का प्रयास किया और बताया कि मुख्य आरोपित आदेश शंखधार को हिरासत में ले लिया गया है, तब जाकर लोग शांत हुए।

कोतवाल पर गिरी गाज

लगातार दो दिनों तक चले भारी हंगामे और प्रशासनिक लापरवाही को देखते हुए एसपी अनिल सिसौदिया ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने मिलक कोतवाल मनीराम सिंह को पद से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया है, जबकि उनके स्थान पर जन शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी संजय कुमार को मिलक कोतवाली का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शव को गांव ले जाने के लिए तैयार हुए। देर शाम भारी पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी के बीच सूरज पटेल का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।

---समाप्त---