पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में बीती रात से शुरू हुआ हंगामा सुबह होते-होते बेकाबू हो गया। एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और उसके बाद खुदकुशी की बात फैलते ही छात्र सड़कों पर उतर आए। देर रात कैंपस के अंदर शुरू हुआ यह प्रदर्शन सुबह तक जारी रहा। छात्रों का कहना था कि तीन दिन पहले हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ वहां काम करने वाले मजदूर ने गलत काम किया, जिसके बाद प्रशासन ने छात्रा को चुपचाप घर भेज दिया। इसके बाद उसकी रूममेट से जानकारी मिली कि पीड़ित छात्रा ने घर जाकर जान दे दी। यह बात आग की तरह फैली और देखते ही देखते सैकड़ों छात्र जमा हो गए।

​कैंपस में भारी तोड़फोड़

​शुरुआत में छात्र शांति से नारे लगाते हुए इंसाफ मांग रहे थे, लेकिन थोड़ी ही देर में भीड़ उग्र हो गई। कुछ लड़कों ने खिड़कियों के शीशे, गमले और कैंपस का सामान तोड़ना शुरू कर दिया। यूनिवर्सिटी की इमारत के कुछ हिस्सों में आग भी लगा दी गई। इतना ही नहीं, गुस्साए छात्रों की एक टोली जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे पर जा बैठी, जिससे दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और लंबा जाम लग गया। कई छात्रों का कहना है कि जब यूनिवर्सिटी के गेट खुले, तो कुछ बाहरी लड़के भी अंदर घुस आए और उन्होंने जमकर उत्पात मचाया, जिससे माहौल और बिगड़ गया।

​अफवाहों पर ध्यान न दें


Advertisement

​हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि छात्रों के बयानों को आधार बनाकर दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया गया है ताकि पूरे मामले की गहराई से जांच हो सके। वहीं कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने साफ किया कि पुलिस के पास पहले ऐसी किसी भी घटना की कोई सीधी शिकायत नहीं आई थी। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि यूनिवर्सिटी और छात्रों के बीच किसी बात को लेकर गलतफहमी हुई है। उधर, एलपीयू प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही झूठी बातों पर भरोसा न करें। कैंपस पूरी तरह सुरक्षित है और छात्र अपने कमरों में शांति बनाए रखें।

---समाप्त---