अमृतसर, 21 नवंबर। पंजाब के खडूर साहिब से लोकसभा सांसद अमृतपाल सिंह शनिवार को अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतसर पहुंचे। अमृतसर की एक अदालत ने उन्हें अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने के लिए दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी। पंजाब पुलिस की टीम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें सुबह दिल्ली से अमृतसर लेकर पहुंची।
कड़ी सुरक्षा में एयरपोर्ट से गांव तक सफर
सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए अमृतपाल सिंह को अमृतसर एयरपोर्ट के पिछले रास्ते से बाहर निकाला गया। एयरपोर्ट से उन्हें पुलिस की बुलेटप्रूफ गाड़ी में बैठाकर रवाना किया गया। इससे पहले सुबह करीब 8:30 बजे से 10 बजे तक उन्हें एयरपोर्ट परिसर के भीतर ही रखा गया था। इसके बाद पुलिस का काफिला उन्हें लेकर उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचा, जहां चारों ओर पुलिस की टीमें तैनात रहीं।
परिवार से मुलाकात और अंतिम यात्रा
पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचने के बाद अमृतपाल सिंह ने करीब एक घंटे तक अपने परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताया। इस पूरी अवधि के दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कर्मी उनके आसपास मुस्तैद रहे। इसके बाद वह अपनी दादी की अंतिम यात्रा में एक ट्रॉली पर सवार होकर शामिल हुए। अंतिम यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें हथकड़ी नहीं लगाई गई थी।
8 नवंबर को हुआ था दादी का निधन
अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का निधन बीती 8 नवंबर को हो गया था। परिवार के सदस्यों ने अमृतपाल सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने की उम्मीद में तब से अंतिम संस्कार को रोक रखा था। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने और अदालत से तीन घंटे की कस्टडी पैरोल मंजूर होने के बाद आखिरकार शनिवार को अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
संगत के स्नेह के लिए जताया आभार
अंतिम संस्कार के अवसर पर अमृतपाल सिंह ने वहां मौजूद लोगों और संगत को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि माता जी के अंतिम संस्कार में संगत का प्यार, स्नेह और उत्साह देखकर वह सच्चे गुरु और सच्चे मालिक का बहुत धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने उन्हें संगत के दर्शन करने का सौभाग्य दिया। उन्होंने कामना की कि संगत के चरणों की धूल उनके सिर पर रहे और गुरु महाराज गुरु की महिमा को हमेशा बढ़ाते रहें। अंत में उन्होंने अंतिम संस्कार में शामिल होने आए सभी भाइयों और बहनों का आभार व्यक्त किया।
---समाप्त---